पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ किया। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रतिमाह 2100 रुपये की सहायता मिलेगी। इससे महिलाओं को आर्थिक व सामाजिक सशक्तिकरण मिलेगा।
टोहाना। नारी सशक्तीकरण और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार की ओर शुरू की गई महत्वाकांक्षी दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना का शुभारंभ पंचकूला से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने किया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नागरिक अस्पताल में किया गया। उपमंडल स्तर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विकास एवं पंचायत मंत्री देवेंद्र सिंह बबली शामिल हुए।
विज्ञापन
बबली और एसडीएम आकाश शर्मा ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की ओर से लगाईं स्टालों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की और स्टालों पर उपस्थित नागरिकों से संवाद भी किया। इन स्टालों के माध्यम से लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों तथा महिलाओं और बच्चों से जुड़ी विशेष योजनाओं की जानकारी दी गई ।
बबली ने कहा कि यह योजना केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं को समाज में आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत प्रत्येक पात्र महिला को प्रतिमाह 2100 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। यह राशि उन्हें आत्मनिर्भर बनने और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सहायक होगी। उन्होंने कहा कि योजना के साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से महिलाओं के लिए सभी स्वास्थ्य जांच केंद्रों पर विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे है। इन शिविरों से न केवल महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य परामर्श और उपचार मिल रहा है बल्कि यह मातृशक्ति के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक बड़ी पहल है।