फतेहाबाद । मनोहर मेमोरियल (एमएम) पीजी कॉलेज में 3 हरियाणा गर्ल्स बटालियन एनसीसी हिसार के आदेशानुसार रविवार को स्वच्छ भारत दिवस पर विभिन्न गतिविधियां कराई गईं। गतिविधियों का आयोजन एएनओ कैप्टन रजनी वर्मा के नेतृत्व में किया गया।
रंगोली और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कॉलेज के कैडेट्स ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। पोस्टरों के माध्यम से कैडेट्स ने स्वच्छता पर विचारों को व्यक्त किया।
इसके अलावा एनसीसी कैडेट्स ने शहीदे आजम भगत सिंह की जयंती के अवसर पर लघु सचिवालय के बाहर स्थित शहीदी स्मारक पर जाकर देश के वीर शहीदों को नमन किया और शहीदों की स्मृति में कैडेट्स ने स्वच्छ भारत पर रंगोली भी बनाई। इसके अलावा कैडेट्स ने वहां मौजूद लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने आसपास सफाई रखने का आग्रह किया। कैप्टन रजनी वर्मा ने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान का मुख्य लक्ष्य स्वच्छता के महत्व के बारे में जन जागरूकता को बढ़ावा देना है।
प्राचार्य डॉ. गुरचरण दास ने एनसीसी कैडेट्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मानसिकता का विकास होता है। इसी के मद्देनजर देश में स्वच्छता की आवश्यकता को देखते हुए प्रधानमंत्री ने स्वच्छता अभियान शुरू किया। समाज को स्वच्छ बनाने के लिए हम सबको मिलकर प्रयास करना होगा।