हमले के दौरान हमलावरों द्वारा फाड़ी गई वर्दी दिखाता होमगार्ड सोमनाथ।
- फोटो : 1
रतिया। फतेहाबाद रोड पर लगे पुलिस नाके पर जांच के दौरान कागजात न होने पर जब्त बाइक को छुड़ाने के लिए एक युवक ने अपनी मां व साथी के साथ मिलकर होमगार्ड जवान पर हमला कर दिया और उसकी वर्दी फाड़ दी।
थाना प्रभारी ने घायल होमगार्ड जवान को उपनागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया जहां से उन्हें हिसार जेल भेज दिया।
अस्पताल में उपचाराधीन होमगार्ड जवान सोमनाथ ने बताया कि वह पुलिस टीम के साथ सरदूलगढ़ रोड पर नाके पर ड्यूटी पर तैनात था। इस दौरान रतिया निवासी डाडू अपनी मां रमन व बिट्टू के साथ बाइक पर सवार होकर आया। पुलिस टीम ने जांच के लिए बाइक को रुकवा लिया। जांच में डाडू के पास ड्राइविंग लाइसेंस व बाइक के कागजात नहीं मिले। इस पर पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया।
होमगार्ड जवान सोमनाथ ने बताया कि जब वह जब्त बाइक को थाने में छोड़ने के लिए जा रहा था तो रास्ते में बड़ी नहर के पास डाडू ने अपनी मां रमन व बिट्टू के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।