रतिया। गांव चंदोकलां में शनिवार की देर रात आर्म्स एक्ट के एक आरोपी को पकड़ने के लिए दबिश देने गई पुलिस टीम पर परिजनों ने हमला कर दिया। हमले के बाद परिजनों ने आरोपी को पुलिस की गिरफ्त से छुड़वाकर मौके से भगा दिया। सदर पुलिस ने पुलिस कर्मचारियों की शिकायत पर हमले के सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में जांच अधिकारी अवतार सिंह ने बताया कि सात अक्तूबर 2019 के आर्म्स एक्ट के एक मामले में अदालत ने नहर कॉलोनी व अब गांव चंदोकलां में रह रहे बूटा सिंह को गैरहाजिर होने पर गिरफ्तारी वारंट जारी किए थे। अदालत के आदेश पर आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए वह विनोद कुमार व पुलिस टीम के साथ गांव में गया था। आरोपी के घर दबिश दी गई। पुलिसकर्मी ने बताया कि आरोपी को मामले के बारे में बताकर गिरफ्तार कर लिया गया, जिस पर आरोपी ने अपने परिजनों को आवाज लगा दी। अवतार सिंह ने बताया कि इतने में आरोपी की पत्नी ऊषा रानी, भाई बाज सिंह, उसकी पत्नी मनप्रीत कौर, सुलखन सिंह, मंजीत कौर, वसन सिंह वहां आ गए और पुलिस पार्टी पर अचानक हमलाकर आरोपी को छुड़वाकर भगा दिया। सदर पुलिस ने पुलिसकर्मी की शिकायत पर 7 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है।