भूना। पुरानी जनता धर्मशाला मैनेजर के साथ मारपीट करते हुए सीसीटीवी में दुकानदार
भूना। पुरानी जनता धर्मशाला में दुकान के शटर पर रंग कराने पर किरायेदार और मैनेजर में विवाद हो गया। मैनेजर और उसकी पत्नी से मारपीट की सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
मैनेजर अमनदीप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार देर शाम दुकान का किरायेदार मनोज परवाना धर्मशाला पहुंचा। आरोप है कि उसने आते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी दी। अमनदीप के अनुसार शटर पर रंग कराने के संबंध में सफाई देने पर मनोज ने उसके साथ हाथापाई की। आरोप है कि उसे जमीन पर पटककर लाठी से हमला किया गया।
पति के साथ मारपीट होते देख राधा कुमारी बीच-बचाव करने पहुंची। अमनदीप ने आरोप लगाया कि उसके साथ भी हाथापाई की गई। पूरी घटना धर्मशाला में लगे कैमरों में कैद हो गई। अमनदीप ने बताया कि संबंधित दुकानदार चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है। वह कभी-कभार ही दुकान खोलता था।
लंबे समय से दुकान बंद रहने से शटर पूरी तरह जंग खा चुका था। इसी वजह से धर्मशाला प्रबंधन ने शटर पर रंग करवा दिया था। इसी बात से मनोज नाराज था। वहीं मनोज परवाना ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। उसका कहना है कि वह दुकान का किराया देता है। पिछले कई दिनों का किराया बकाया होने पर उसे नोटिस दिया गया था। उसने बकाया राशि में से 10 हजार रुपये जमा भी करवाए हैं।
मनोज के अनुसार उसकी दुकान के शटर पर गोल्ड लोन का विज्ञापन लगा दिया गया था। इसी संबंध में वह मैनेजर से बातचीत करने धर्मशाला पहुंचा था। उसने कहा कि उसने किसी के साथ मारपीट नहीं की। थाना प्रभारी कंवर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।