भट्टूकलां थाने का निरीक्षण करतीं एएसपी दिव्यांशी सिंगला। संवाद
भट्टू कलां। सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला, आईपीएस ने भट्टूकलां थाना का निरीक्षण किया और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित मामलों की स्थिति, स्टाफ की उपस्थिति, थाना भवन की अवस्थिति तथा शिकायत निवारण की प्रक्रियाओं का गहनता से अवलोकन किया।
इसके पश्चात उन्होंने जांच अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित कर लंबित अभियोगों की समीक्षा की तथा जांच प्रक्रिया को और अधिक तेज व प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक ने अपराध की रोकथाम, समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने और पीडि़तों से संवेदनशील व्यवहार अपनाने की बात कही।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सभी शिकायतों को गंभीरता से लें और कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के बाद थाना परिसर में सहायक पुलिस अधीक्षक दिव्यांशी सिंगला ने पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वच्छ और हरित परिसर न केवल सकारात्मक वातावरण बनाता है, बल्कि यह पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य और मनोबल को भी सुदृढ़ करता है। उन्होंने सभी पुलिस स्टाफ को अपने-अपने स्तर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने के लिए प्रेरित किया।