फतेहाबाद। तीन मई तक आसमान में बादलवाही व मौसम के खुशगवार होने के बाद अब प्रदेश में एक ओर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, पांच मई से एक बार फिर मौसम में बदलाव होगा और सात मई तक प्रदेश में बादलवाही व हल्की बारिश की संभावना है।
ज्ञात रह कि हरियाणा राज्य में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 27 अप्रैल से लगातार मौसम परिवर्तनशील रहा।
इस दौरान पश्चिमी विक्षोभ तथा अरब सागर से आई नमी वाली हवाओं के संयुक्त प्रभाव से 27 अप्रैल से तीन मई के दौरान राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई तथा विशेषकर दिन के तापमान में सामान्य से लगभग 10 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज किया गया तथा रात्रि तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। अब एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश में सक्रिय होने वाला है, जो सात मई तक सक्रिय रहेगा। वहीं बुधवार को भी फतेहाबाद में मौसम खुशगवार रहा। इस दौरान अधिकतम तापमान 28 डिग्री व न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं 12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलती रही।
पश्चिही विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से राज्य में सात मई तक मौसम परिवर्तनशील बने रहने की संभावना है। इस दौरान चार व पांच मई को बीच-बीच में ज्यादातर क्षेत्रों में आंशिक बादलवाही तथा कुछ एक स्थानों पर गरज चमक के साथ छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है। पांच मई रात्रि से एक ओर पश्चिमी विक्षोभ के आने से छह व सात मई को भी राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बन रही है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश की भी संभावना है। इस के बाद आठ मई से राज्य में मौसम आमतौर पर खुश्क हो जाने की संभावना है।
-डॉ. मदन खीचड़, विभागाध्यक्ष, कृषि मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू हिसार