फतेहाबाद। बंद हो चुके दुष्कर्म के केस को प्रेमिका द्वारा दोबारा खुलवाने से नाराज प्रेमी ने अपनी प्रेमिका के घर में घुसकर हमला कर दिया। प्रेमिका के घर में तोड़फोड़ करने के दौरान बीच-बचाव करने आए प्रेमिका के चाचा पर पर भी हमला करने का आरोप प्रेमी पर है। घायल चाचा को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं घटना के संबंध में शिकायत पुलिस को दी गई है।
पीड़िता प्रेमिका ने आरोप लगाया है कि भूना निवासी युवक के साथ सहमति संबंध में रह रही थी। आरोप है कि शादी का झांसा देकर उसका प्रेमी उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। कुछ समय पहले उसे अपने प्रेमी के शादीशुदा होने के बारे में जब पता चला तो उसने अपने प्रेमी से बात की। लेकिन वह शादी करने से मुकर गया। इसके बाद महिला थाना में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने मामले में दुष्कर्म करने के आरोप में प्रेमी पर केस दर्ज कर लिया। प्रेमिका का आरोप है कि दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद उसके प्रेमी ने उससे बात करके केस वापस लेने पर शादी करने का वादा किया। इस पर दोनों के बीच शादी करने के वादे पर सहमति बन गई और उसने केस वापस ले लिया। लेकिन उसका प्रेमी फिर से शादी करने के वादे से मुकर गया। इसके बाद वह पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट पहुंची और अपने दुष्कर्म के केस को दोबारा से रिओपन करने की अर्जी दी। प्रेमिका के अनुसार उसका केस रि-ओपन हो गया और इसी बात से खफा होकर उसका प्रेमी और उसके कुछ साथी रविवार की रात को उसके घर पर आए और झगड़ा करते हुए घर में तोड़फोड़ करने लगे। युवती का आरोप है कि बीच-बचाव करने आए उसके चाचा पर भी हमला किया गया जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। शिकायत पुलिस को दी गई है।
कोट
दुष्कर्म के केस में पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से कार्रवाई के लिए आदेश मिले हैं। आदेश को पूरा पढ़ने और समझने के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी। जहां तक पीड़िता पर आरोपी रहे युवक द्वारा हमला करने के आरोप हैं तो उसके संबंध में शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
इंस्पेक्टर अरुणा, एसएचओ, महिला थाना, फतेहाबाद।