फतेहाबाद। ऑनलाइन कक्षा के लिए पिता द्वारा खरीदा गए मोबाइल से छात्रा को वीडियो बनाने की लत पड़ गई। जानकारी पर पिता ने मोबाइल बेच दिया। इससे नाराज 14 वर्षीय किशोरी ने मंगलवार रात फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया।
शहर के तहसील चौक क्षेत्र निवासी सुरेश ने बताया कि उसने अपनी बेटी शालू को ऑनलाइन कक्षा लेने के लिए टच-स्क्रीन मोबाइल खरीदकर दिया था। हालांकि ऑनलाइन कक्षा लेने के साथ ही बेटी को मोबाइल पर खुद के वीडियो शूट करने की लत लग गई। इस पर उसने उसका मोबाइल फोन बेच दिया। इससे वह नाराज हो गई और मंगलवार रात फंदा लगाकर उसने जान दे दी।
पुलिस ने पिता के बयान पर पोस्टमार्टम कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया है। शहर थाने के एसएचओ सुरेंद्रा ने बताया कि पुलिस को किशोरी द्वारा आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच की थी। मृत किशोरी के पिता के बयान दर्ज किए गए हैं। इसमें उसने मोबाइल बेचने से नाराज होकर आत्महत्या किए जाने की बात कही। पिता के बयान पर पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।