मास्टर प्रीमियर लीग में खेल प्रतियोगिता में भाग लेते हुए खिलाड़ी:संवाद
रतिया। राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में चल रही मास्टर प्रीमियर लीग में शनिवार को अजंता वॉरियर्स और ग्रोवर सुपर किंग्स के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर अजंता वॉरियर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 215 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रोवर सुपर किंग्स 105 रन पर ढेर हो गई। इस तरह अजंता वॉरियर्स ने 110 रन से मैच जीत लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए अजंता वॉरियर्स के हिमांशु झंडई ने 25 गेंदों में तेजतर्रार 50 रन बनाए। कृष्ण मराठा ने 42 गेंदों में 45 रन की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ग्रोवर सुपर किंग्स की टीम दबाव में नजर आई और निर्धारित लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी। टीम की ओर से हरपाल कंबोज ने 28 गेंदों में 47 रन बनाकर संघर्ष किया लेकिन अन्य बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं पाए। अजंता वॉरियर्स के गेंदबाज बुग्गी 4 ओवर में 11 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
प्रतियोगिता के आयोजक मनमोहन खोखर व मोनू सैनी ने बताया शनिवार को निधि ग्लास वॉरियर्स और सतीश ब्रदर्स के बीच मैच खेला गया। टॉस जीतकर निधि ग्लास वॉरियर्स के कप्तान सम्राट सग्गू ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कप्तान सम्राट ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 46 गेंदों में 86 रन बनाए। पूरी टीम 164 रन पर ऑलआउट हो गई।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सतीश ब्रदर्स की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 19वें ओवर में ही मैच जीत लिया। इस मुकाबले के हीरो विक्रम कंबोज रहे। उन्होंने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए 11 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाए और गेंदबाजी में 13 रन देकर 3 विकेट लिए और फील्डिंग में 3 कैच पकड़कर मैन ऑफ द मैच का खिताब हासिल किया। प्रतियोगिता में विशेष अतिथि के रूप में राज कमाना, प्रिंस गर्ग एवं रूप गर्ग उपस्थित रहे।