फतेहाबाद। कोरोना महामारी के दौरान फतेहाबाद से सरदूलगढ़ रूट पर बंद हुई बस सेवा को वीरवार को फिर से शुरू कर दिया गया। जैसे ही बस फतेहाबाद से सरदूलगढ़ के लिए वाया गांव मुसेअहली पहुंची तो ब्लाॅक समिति सदस्य सहित गांव के सरपंच व ग्रामीणों ने बस का गांव में पहुंचने पर स्वागत किया।
गाैरतलब है कि मंगलवार रात्रि प्रवास कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने बुधवार सुबह से रूट पर बस चलाने के निर्देश दिए थे, लेकिन किन्हीं कारणों से रोडवेज अधिकारी बस नहीं चला पाए। हालांकि, रोडवेज के अधिकारी बुधवार को बस के चलाने व उसकी समयसारिणी तैयार करते रहे। इसके बाद करीब पांच साल के बाद वीरवार को बस सुबह साढ़े सात बजे फतेहाबाद बस स्टैंड परिसर से रवाना हुई। फतेहाबाद से चली बस गांव मुसेअहली पहुंची तो ग्रामीणों ने चालक व परिचालक को लड्डू खिलाकर बस को आगे पंजाब के सरदूलगढ़ के लिए रवाना किया। इस दौरान वार्ड नंबर 13 के ब्लॉक समिति सदस्य दरबारा सिंह, गांव के सरपंच रोशन सिंह, सेवा सिंह, डॉक्टर सुरजीत सिंह, गुरतेज सिंह, पूर्ण चंद सहित काफी ग्रामीण मौजूद रहे।
फतेहाबाद से वाया ढाणी ईशर से होकर सरदूलगढ़ जाएगी बस
जानकारी के अनुसार, कोरोना से पहले बस फतेहाबाद से सरदूलगढ़ वाया ढाणी ईशर से गांव मुसेअहली होकर जाती थी, वीरवार को रूट को फिर से शुरु किया गया है। बस फतेहाबाद से गांव खान मोहम्मद, ढाणी छतरियां, ढाणी ढाका, ढाणी ईशर, मुसेअहली, बनावली सोत्तर, मानकपुर, नक्टा, खुनन होते हुए सरदूलगढ़ पहुंचेगी। बस पूरे दिन में दो बार फतेहाबाद से सरदूलगढ़ जाएगी। पहली बस सुबह साढ़े सात व दूसरी बस दोपहर दो बजे फतेहाबाद से सरदूलगढ़ के लिए रवाना होगी।
-वीरवार को रूट पर बस चला दी गई है। बस सुबह साढ़े सात बजे बस स्टैंड के प्रांगण से चलकर सरदूलगढ़ पहुंची।
- अजय दलाल, रोडवेज महाप्रबंधक फतेहाबाद।