हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा आयोजित पुरुष सिपाही परीक्षा के लीक होने के मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी अकादमी संचालक सतीश और गांव दरियापुर निवासी कुनाल को कोर्ट से जमानत मिल गई है। दोनों ने सोमवार को कोर्ट में जमानत याचिका लगाई थी। मंगलवार को कोर्ट ने मामले में सुनवाई करते हुए दोनों को जमानत दे दी है।
इस मामले में शहर पुलिस ने सिरसा रोड स्थित अकादमी संचालक सतीश और गांव दरियापुर निवासी कुनाल तथा कैथल निवासी भान सिंह को गिरफ्तार किया था। तीनों पर आरोप था कि पुरुष सिपाही परीक्षा पास करवाने और नौकरी लगवाने के नाम पर तीनों 18 लाख रुपये मांग रहे थे। इस संबंध में जांडवाला सोत्तर निवासी विरेंद्र ने आरोप लगाया था कि अकादमी संचालक सतीश ने उसे परीक्षा पास करवाने के लिए दरियापुर निवासी कुनाल से मिलवाया था। कुनाल ने परीक्षा पास करवाने के लिए 18 लाख रुपये मांगे थे। आरोपी कुनाल के कैथल निवासी भान सिंह के साथ लिंक थे। आरोपी भान सिंह परीक्षा पास करवाने की जिम्मेदारी लेता था।