रतिया। रतिया शहर पुलिस ने सेना में भर्ती करवाने के नाम पर दो चचेरे भाईयों से सात लाख रुपये हड़पने के आरोप में नामजद गांव जल्लोपुर निवासी रमेश उर्फ महेशी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से नकदी बरामद करने के अलावा अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ करेगी।
इस मामले में पुलिस ने 29 अक्तूबर को गांव टिब्बी निवासी तेजपाल सिंह की शिकायत पर उसे व उसके चाचा के लड़के विक्रम को भारतीय सेना में भर्ती करवाने के नाम पर सात लाख रुपये हड़पने के आरोप में केस दर्ज किया था। पुलिस ने मामले में जल्लोपुर निवासी रमेश कुमार उर्फ महेशी, गुरमंगत, धोलू निवासी कृष्ण को आरोपी बनाया था। पुलिस को दी शिकायत में टिब्बी निवासी तेजपाल सिंह ने कहा था कि वह बारहवीं पास है। वर्ष 2017 में धोलू निवासी कृष्ण व महेशी उसके पास आए। इन्होंने कहा कि वे युवाओं को सेना में भर्ती करवाते हैं। उनसे उन्होंने अलग अलग कर सात लाख रपये ऐंठ लिए। नौकरी न लगवाने पर रुपये वापस मांगे तो आनाकानी करने लगे और बाद में रुपये देने से इंकार कर दिया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। सदर थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया हुआ है। उससे कुछ नकदी भी बरामद की है। पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर दिल्ली में गई हुई है।