टोहाना । जैन समाधि के नजदीक स्थित फतेहाबाद डिस्ट्रीब्यूटरी नहर में नहाते किशोर बलराज (11) की डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शवगृह में भिजवाया है।
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुकुलपुरवा निवासी किशोर बलराज पुत्र प्रहृलाद अपनी माता के साथ मामा वीरू के यहां टोहाना आया हुआ था। किशोर नहर में नहाने चला गया। अचानक नहाते हुए नहर में वह डूब गया। राहगीरों ने तुरंत रेस्क्यू टीम प्रमुख नवजोत सिंह ढिल्लों को घटना की सूचना दी।
सूचना मिलते ही नवजोत सिंह टीम के सदस्य मौके पर पहुंचे और स्थानीय राहगीरों की मदद से किशोर की तलाश शुरू की। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किशोर का शव योग आश्रम के पुल के नीचे फंसा मिला। टीम सदस्यों और परिजनों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और जैन समाधि अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।