फतेहाबाद। शहर के भूना रोड पर शनिवार को एक तेज रफ्तार रिट्ज कार चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए तीन गाड़ियों को टक्कर मार दी।
अनियंत्रित कार ने सबसे पहले सड़क पर जा रही एक गाड़ी को टक्कर मारी जिससे वह डिवाइडर पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कार ने सामान से लदे एक ई-रिक्शा और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में स्कूटी सवार बाल-बाल बच गया जबकि ई-रिक्शा चालक को मामूली चोटें आईं और उसका सामान सड़क पर बिखर गया।
टक्कर मारने के बाद कार सड़क किनारे एक ऊंचे स्थान पर चढ़कर बंद हो गई। मौके पर भारी भीड़ जमा होते देख चालक वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त कार को अपने कब्जे में ले लिया।