संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। शिक्षा विभाग निदेशालय ने बिना मान्यता प्राप्त चल रहे स्कूलों की सूची जारी कर दी है। इसमें जिले का एक स्कूल शामिल है। वहीं अधिकारियों का आशंका है कि ऐसे स्कूलों की संख्या ज्यादा हो सकती है, ऐसे में डीईओ कार्यालय ने बीईओ कार्यालय से फिर से रिपोर्ट मांगी है।
अब बीईओ सर्वे करेंगे कि उनके क्षेत्र में कोई स्कूल बिना मान्यता प्राप्त तो नहीं चल रहा। अगर किसी गली-मोहल्ले में स्कूल चल रहा है तो इसकी रिपोर्ट शिक्षा विभाग निदेशालय को दी जाएगी। अधिकारियों की माने तो बिना मान्यता चल रहे स्कूलों के खिलाफ समाचार पत्रों में सार्वजनिक सूचना जारी की जाएगी।
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक जिले में करीब 350 निजी स्कूल चल रहे हैं। इन स्कूलों ने हरियाणा बोर्ड या फिर सीबीएसई से मान्यता ले रखी है। अहम बात यह है कि बिना मान्यता या फिर अस्थायी मान्यता प्राप्त स्कूलों में दाखिले होने से विद्यार्थियों के भविष्य पर हर बार तलवार लटकी रहती थी। इस बार शिक्षा विभाग सत्र शुरू होने से पहले ही दाखिले रोकने पर लगा है।
जिले में बिना मान्यता प्राप्त स्कूलों में दाखिला नहीं होने दिया जाएगा। निदेशालय से रिपोर्ट आई है, उसमें फतेहाबाद खंड का एक स्कूल है। बिना मान्यता से चल रहे स्कूलों की बीईओ से रिपोर्ट मांगी गई है। - संगीता बिश्रोई, जिला शिक्षा अधिकारी