फतेहाबाद के टोहाना खंड के अंतर्गत आने वाले गांव मादुवाना में 9वीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने खुद को पिता के लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली। छात्र की हिसार के निजी अस्पताल में मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस ने छात्र का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
जानकारी देते हुए टोहाना सदर थाना प्रभारी देवीलाल ने बताया कि गांव मादुवाना निवासी प्रॉपर्टी डीलर अनिल कुमार के पास लंबे समय से रिवाल्वर का लाइसेंस है। उनके दो बेटे हैं, बड़ा बेटा विशाल बीए में पढ़ता है जबकि छोटा बेटा 16 वर्षीय कुशाल 9वीं कक्षा में पढ़ता था। छोटे बेटे कुशाल ने 25 फरवरी को अपने पिता के लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मार ली।
जिस समय कुशाल ने गोली मारी, उस समय उसके परिजन खेत में चारा लेने गए हुए थे। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग कुशाल के पास पहुंचे व उसके बाद परिजनों को बुलाया गया। कुशाल को हिसार के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
मंगलवार को कुशाल की अस्पताल में मौत हो गई। फिलहाल कुशाल के शव का पोस्टमार्टम करके 174 के तहत कार्रवाई करके शव उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजनों के अनुसार कुशाल पिछले डेढ़ साल से मानसिक रूप से बीमार चल रहा था। उसका हिसार के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। इसी परेशानी के चलते उसने यह कदम उठाया है।