संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहाबाद। जिला मुख्यालय पर स्थित औद्योगिक क्षेत्र बदहाली का शिकार हो चुका है। मूलभूत सुविधाओं के लिए उद्योगपतियों को तरसना पड़ रहा है। फैक्टरियों को ताला लगाकर उद्योगपति पलायन कर रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र में बनी फैक्टरियों में 50 फीसदी को ताला लग चुका है। पिछड़े जिलों में शामिल फतेहाबाद के औद्योगिक क्षेत्र के हालात को सुधारने में न जनप्रतिनिधि दिलचस्पी ले रहे हैं और न ही संबंधित अधिकारी।
उद्योगपतियों विजय कुमार, विकास कुमार, राहुल और उमेश बताते हैं कि औद्योगिक क्षेत्र सिर्फ नाम का ही रह गया है। जिला मुख्यालय में उद्योग लगाकर लाभ कमाना केवल कल्पना रह गई है। एक उद्योग या कारखाना चलाने के लिए उद्योगपतियों को जिन मूलभूत सुविधाओं की आवश्यकता होती है, उनमें निर्बाध रूप से नियमित बिजली, जल, सफाई व्यवस्था और खुली सड़कें प्रमुख हैं औद्योगिक क्षेत्र में इनमें से कोई भी सुविधा पूर्ण तौर से पर्याप्त नहीं है। उद्योगों से निकलने वाले अपशिष्ट पदार्थों के निपटान की यहां कोई सुविधा नहीं है। ऐसे में 50 प्रतिशत उद्योगपतियों ने औद्योगिक क्षेत्र से बाहर अपने उद्योग स्थापित कर लिए हैं। बारिश के दिनों में पानी की निकासी नहीं होने के कारण यहां पानी भर जाता है और कई-कई दिनों तक काम बंद रखना पड़ता है। मशीनों के अंदर पानी जाने से मशीनें भी खराब हो जाती हैं।
मैं 20 वर्षों से औद्योगिक क्षेत्र में जूता बनाने का लघु उद्योग चला रहा हूं। मैंने जब यहां उद्योग स्थापित किया था, उसके बाद यहां सुविधाओं में कोई बदलाव नहीं आया है। बिना किसी संदेश के बिजली कट लगते हैं। तकनीकी खराबी आने पर ठीक करने के लिए कर्मचारी समय पर नहीं आते हैं। मजबूरी में हमें मैकेनिक बुलाकर अपने पैसों से काम करवाना पड़ता है। मजबूरन औद्योगिक क्षेत्र से शिफ्ट करके भूना रोड पर उद्योग लगाना पड़ा है। - दीपक सरदाना, उद्योगपति
मेरी औद्योगिक क्षेत्र में बिस्कुट फैक्टरी है। फैक्टरी के सामने 20 वर्षों से गली के बिल्कुल बीच में बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है। मैंने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से लेकर मंत्रियों तक से ट्रांसफार्मर हटाने की मांग कर ली। ट्रांसफार्मर नहीं हटा है। ट्रांसफार्मर ट्रक टकराने से दो बार गिर चुका है, जिसका हर्जाना ट्रक ड्राइवर को भरना पड़ा था। मेरे पड़ोसी उद्योगपति सुविधाओं के अभाव के चलते अपना उद्योग दूसरी जगह स्थापित कर चुके हैं। उद्योगपतियों को 18 प्रतिशत टैक्स भरना भी मुश्किल हो रहा है। - विकास, उद्योगपति
फतेहाबाद के औद्योगिक क्षेत्र में सफाई की कमी है। बिस्कुट बैकरी वाली गली के बीच में बिजली का ट्रांसफार्मर लगा है। इसको वहां से हटाकर कहीं और स्थापित किया जाना चाहिए। पानी निकासी के उचित प्रबंध करने चाहिए। प्रशासन को अवगत करवाया गया है। उम्मीद है कि संज्ञान लिया जाएगा। - नरेश सरदाना, प्रधान, औद्योगिक क्षेत्र फतेहाबाद
:: औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं के बारे में पता चला है। इन समस्याओं के समाधान के लिए जल्द ही प्रयास किए जाएंगे।
संजय बिश्नोई, जिला नगर आयुक्त, फतेहाबाद