अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। यौन शोषण और ब्लैकमेलिंग के आरोप में पुलिस रिमांड में भेजे गए बाबा के डेरा अमरपुरी में बाबा के यौन संबंधों वाली 120 सीडियां, नशे की गोलियां व अन्य आपत्तिजनक सामान मिलने के बावजूद पुलिस बाबा का डेरा सील करने से कतरा रही है। दरअसल बाबा की गिरफ्तारी के बाद से डेरे के मुख्य दरवाजे पर ताला लटका हुआ है और इसकी चाबी बाबा के बेटे अमरवीर के पास बताई जा रही है। वहीं पुलिस के आला अधिकारी फिलहाल इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। इससे पहले बाबा की गिरफ्तारी के समय उसका मोबाइल भी पुलिस ने जब्त नहीं किया था। जो बाद में अचानक डेरे से गायब हो गया। आशंका जताई जा रही है कि उसकी बेटी सरोज ही अपने साथ बाबा का फोन भी पंजाब लेकर गई है।
डेरे से अभी भी सबूत मिटाने के किए जा सकते हैं प्रयास
डेरा अमरपुरी धाम को पुलिस द्वारा अभी तक सील न किए जाने के चलते इस बात की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता कि डेरा परिसर से आरोपी बाबा के वफादार सबूत भी मिटा सकते हैं। इनमें फिंगर-प्रिंट्स, कुछ कागजात, कुछ और अश्लील वीडियो की सीडी शामिल हो सकते हैं। हालांकि पुलिस शक के आधार पर दो बार इस डेरे में सर्च अभियान चला चुकी है, लेकिन आपत्तिजनक सामान मिलने के बावजूद इसे सील ना करना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है।
पंजाब पहुंची फतेहाबाद पुलिस, कई शहरों में छापेमारी जारी
इस बीच फतेहाबाद पुलिस ने रिमांड के दौरान बाबा अमरपुरी से मिले इनपुट के आधार पर पंजाब के कई शहरों में रविवार को दबिश दी है। महिला थाना प्रभारी एवं मामले की जांच कर रही इंस्पेक्टर बिमला देवी ने पंजाब के कई शहरों में दबिश देने की पुष्टि की है। लेकिन इस दबिश के दौरान क्या-क्या बरामद और किस-किस से पूछताछ की गई, इस बारे में कोई भी जानकारी देने से इंकार कर दिया। दरअसल पुलिस के सामने समस्या ये आ रही है कि एकमात्र महिला जिसने अक्तूबर में बाबा पर आरोप लगाए थे, वही आगे आ रही है। वीडियो में दिख रही कोई महिला या बाबा से प्रताड़ित किसी महिला ने अभी तक पुलिस के समक्ष बयान दर्ज नहीं करवाए हैं।
वर्जन
फतेहाबाद पुलिस ने यौन शोषण के आरोपी बाबा से रिमांड के दौरान मिले इनपुट के आधार पर पंजाब के कई शहरों में दबिश दी है। फिलहाल इस बारे में इससे ज्यादा कुछ नहीं बताया जा सकता क्योंकि ये काफी संवेदनशील मामला है।
- बिमला देवी, महिला थाना प्रभारी, फतेहाबाद।