फतेहाबाद। टोहाना के डेरा अमरपुरी के बाबा के यौन संबंधों की 120 सीडियां बाजार में आने एवं सोशल मीडिया पर वायरल होने पर पुलिस हिरासत में जाने के बाद डेरा अमरपुरी की गद्दी पर उनके वारिस को बैठाने की तैयारियां शुरू होने लगी हैं। सूत्रों की मानें तो बाबा के करीबी उनके जेल जाने की सूरत में इस गद्दी पर उनकी बेटी को बैठाना चाहते हैं। बाबा के करीबी सूत्रों की मानें तो इसके लिए अंदरखाते बाबा से भी एक-दो दिन में सहमति ले ली जाएगी। फिलहाल बाबा पांच दिन के रिमांड पर हैं और अगले तीन दिनों के बाद बाबा को कोर्ट में पेश किया जाएगा। संभवत: इसी दौरान बाबा के करीबी उनसे मुलाकात कर इस मुद्दे पर सहमति ले सकते हैं।
डेरा बाबा अमरपुरी के परिवार में उनके दो बेटे और तीन बेटियां हैं। बेटों में किसी के भी बाबा के बाद गद्दी पर बैठने की संभावना कम नजर आती है। दरअसल बाबा अमर पुरी के दो बेटों में से एक बेटा को बाबा ने पहले ही बेदखल कर रखा है जबकि दूसरा बेटा बैंगलोर में बिजली का काम करता है। इसके अलावा बाबा की तीन बेटियां बताई गई हैं जिसमें सबसे बड़ी बेटी सरोज अपने पिता की सबसे करीबी बताई जा रही हतै। माना जा रहा है कि पिता के अनेक राज उसी के पास ही हो सकते हैं।
पहले भी रेप के आरोप लगने के बाद बेटी ने पीड़िता का किया था स्टिंग
सूत्रों की मानें तो अक्तूबर में बाबा अमरपुरी पर जिस महिला ने रेप का आरोप लगाया था, उस महिला का स्टिंग भी बाबा की इसी बेटी ने किया था। दरअसल अक्तूबर में एक महिला ने बाबा पर रेप का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस ने बाबा को गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन इस बीच बाबा की बेटी सरोज ने ही अपने कुछ सहायकों के साथ मिलकर उस पीड़ित महिला का एक स्टिंग तैयार कर लिया जिसके बाद उसने शिकायतकर्ता महिला को ही ब्लैकमेलर करार करवाकर अपने पिता की जमानत में मदद की थी।