फतेहाबाद। मिशन बुनियाद के तहत प्रवेश लेने के लिए विद्यार्थियों की दूसरे लेवल की परीक्षा का शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने परिणाम जारी कर दिया है। परीक्षा में जिले के 375 विद्यार्थी पास हुए हैं। परीक्षा 1056 विद्यार्थियों ने दी थी।
अब इन चयनित विद्यार्थियों की तीसरे लेवल की परीक्षा ली जाएगी। इस परीक्षा में चयनित विद्यार्थियों को दो साल तक मिशन बुनियाद के तहत प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। बता दें कि जिले के पांच स्कूलों में शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद के तहत केंद्र बना रखे हैं। दूसरे लेवल के जारी हुए परीक्षा परिणाम में लड़कियों ने बाजी मारी है। परीक्षा में 194 लड़कियां और 181 लड़के पास हुए हैं। टॉप थ्री में शामिल राजकीय हाई स्कूल ढाणी गोपाल के 11, राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल इंदाछोई के 10 और राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल नहला के 9 विद्यार्थी पास हुए हैं।
-ये रहा परीक्षा परिणाम
खंड लड़कियां लड़के
भट्टूकलां 23 21
भूना 36 53
फतेहाबाद 48 42
जाखल 9 7
रतिया 37 24
टोहाना 41 34
कुल 194 181
- ये हैं टॉप थ्री विद्यार्थी
स्कूल विद्यार्थी प्राप्त अंक
राजकीय मिडिल स्कूल सिंबलवाला मोहित कुमार 120
राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल बनावाली रीतू 94
राजकीय मिडिल स्कूल ढाका ढाणी विरेन ढाका 94
राजकीय हाई स्कूल मोचीवाली हर्ष 91
-2870 विद्यार्थियों ने दी थी पहले लेवल की परीक्षा
मिशन बुनियाद को लेकर जिले के 3,117 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। पहले चरण की परीक्षा जिले से 2,870 विद्यार्थियों ने दी थी। इसमें 1097 विद्यार्थी पास हुए थे। इसके बाद 1056 विद्यार्थियों ने दूसरे लेवल की परीक्षा दी थी।
- मिशन बुनियाद के तहत शिक्षा विभाग ने दूसरे लेवल की ली गई परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। जारी हुए परिणाम के मुताबिक जिले के 375 विद्यार्थी पास हुए हैं। छात्र मोहित की जिले में पहली रैंक रही है। जिले में पांच स्कूलों में मिशन बुनियाद के तहत केंद्र चल रहे हैं।
- मुकेश मेहता, जिला विज्ञान विशेषज्ञ, फतेहाबाद।