फतेहाबाद में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में बनाए गए केंद्र में परीक्षार्थियों की जांच करते हुए
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी की ओर से आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) बुधवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुई। पहले दिन सायंकालीन सत्र में जिला मुख्यालय के 13 केंद्रों में लेवल-3 (पीजीटी) परीक्षा में कुल 3778 अभ्यर्थियों में से 3385 उपस्थित रहे जबकि 393 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। 89 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे।
मॉडल संस्कृति स्कूल क्षेत्र में भरा तीन फीट तक पानी
परीक्षा केंद्रों तक अभ्यार्थियों को पहुंचने में दिक्कत हुई। शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में केंद्र बनाया गया। केंद्र के अंदर तो बाहर धर्मशाला रोड, सन्यास आश्रम रोड पर जलभराव रहा। अभ्यार्थी की गाड़ियां बंद हो गईं। दुपहिया वाहन भी केंद्र तक नहीं जा पाए। पानी के बीच में से होकर गुजरना पड़ा।
-
एसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण :
एचटेट परीक्षा को लेकर निगरानी के लिए 492 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। एसपी सिद्वांत जैन ने खुद परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। केंद्रों में पुलिसकर्मियों ने दस्तावेज जांचने के बाद एंट्री दी।
-
लेवल-2 और 1 की परीक्षा आज
जिले में एचटेट के लिए 21 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। तीन शिफ्टों में आयोजित इस परीक्षा में 12513 परीक्षार्थी भाग लेंगे। आज लेवल-2 (टीजीटी) की परीक्षा सुबहकालीन सत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर बाद 12.30 बजे तक तथा लेवल-1 (पीआरटी) की परीक्षा 8 केंद्रों पर सायंकालीन सत्र में दोपहर बाद 3 बजे से सायं 5.30 बजे तक आयोजित की जाएगी।
-
पहले दिन हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। प्रशासन की ओर से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। अभ्यर्थियों से अपील है कि वे अपने निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व पहुंचें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो सके।
- मनदीप कौर, उपायुक्त