भट्टूकलां। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में गांव रामसरा निवासी निधि ने प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल कर भट्टू क्षेत्र का नाम पूरे प्रदेश में रोशन किया है। अपनी बेटी की इस उपलब्धि की सूचना मिलते ही पूरे गांव के लोग झूम उठे। छात्रा को बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा रहा।
छात्रा निधि ने कहा कि वह नर्सरी से आर्यन सेंट सोफिया हाई स्कूल में पढ़ती आई है। अध्यापकों ने उसे हर समय आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उसने बताया कि वह किताबी कीड़ा न बनकर रुटीन में ही पढ़ाई करती थी। वह मात्र स्कूल से आने के बाद केवल चार पांच घंटे ही पढ़ाई करती थी। उसका मानना है कि जितने समय पढ़ाई करे खूब मन लगाकर अध्ययन करें। मन एकाग्र कर पढ़ाई करने वालों को सफलता जरूर मिलती है। छात्रा के पिता कमलेश ने बताया कि उसकी बेटी की उपलब्धि से परिवार बहुत खुश है। वह अपनी बेटी को उच्चाधिकारी बनाने चाहते हैं।