फतेहाबाद। साइबर क्राइम को लेकर जागरूकता के बाद भी पढ़े-लिखे लोग इसके शिकार हो रहे हैं। शहर के निजी बैंक में तैनात महिला कर्मचारी से ठगों ने 27 हजार रुपये ठग लिए। मामले को लेकर शहर पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
गांव भोडिया खेड़ा निवासी रितू ने कहा है कि वह शहर के एक बैंक में काम करती है। उसके पास फोन आया और कहा कि वह उसके पापा मनफूल सिंह का डॉ. मनोज बोल रहा है। पापा को उसने 23 हजार रुपये भेजने हैं। इसके बाद उसके मोबाइल पर 50 रुपये आने का मैसेज आया। इसके बाद उसके पास 20 हजार और 30 हजार का मैसेज आया।
इसी दौरान फोन करने वाले ने उससे कहा कि गलती से उसने तीन हजार के बजाय 30 हजार रुपये भेज दिए हैं। वह 27 हजार रुपये उसे वापस भेज दे। रितू ने बताया कि फोन करने वाले की बातों में आकर उसने 27 हजार रुपये उसके मोबाइल नंबर पर ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब उसने अपने बैंक अकाउंट को चेक किया तो पाया कि उसके खाते में कोई राशि नहीं आई हुई थी। इस पर उसे ठगी का अहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी गई। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।