फतेहाबाद। सरसों की बिजाई के बीच डीएपी खाद की कमी किसानों की चिंता बढ़ा रही है। बुधवार को इफको किसान सेवा केंद्र और ग्रामीण पैक्स पर 4800 डीएपी बैग वितरित किए गए। किसानों का कहना है कि गेहूं की बिजाई का समय नजदीक है लेकिन पर्याप्त खाद नहीं मिलने से फसल की बिजाई में देरी होने की आशंका है।
खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि सरसों की बिजाई अभी जारी है और जल्द ही गेहूं की बिजाई भी शुरू हो जाएगी। ऐसे में डीएपी की पर्याप्त उपलब्धता जरूरी है। किसानों को आशंका है कि समय पर खाद नहीं मिलने से बिजाई का काम प्रभावित हो सकता है।
किसानों ने कृषि विभाग से किसान सेवा केंद्र और खाद सोसायटियों पर डीएपी की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। उनका कहना है कि खाद उपलब्ध होने से किसानों को समय पर जरूरत के अनुसार खाद मिल सकेगी और गेहूं की बिजाई में देरी से बचा जा सकेगा। किसानों ने विभाग से जल्द समस्या का समाधान करने की अपील की है।
जिले में 10961 मीट्रिक टन डीएपी पहुंची
जिले में कुल 25000 मीट्रिक टन डीएपी खाद की मांग है। जिसमें अभी तक 10961 मीट्रिक टन डीएपी पहुंच पाई है। किसानों का कहना है कि पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं पहुंचने से किसानों को खाद केंद्रों से खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। किसानों ने मांग की है कि जल्द खाद उपलब्ध करवाई जाए ताकि वे समय पर फसलों की बिजाई का काम पूरा कर सके।
सुबह सात बजे से शिवालय मार्केट में इफको किसान सेवा केंद्र पर डीएपी खाद लेने पहुंचा हूं। यहां आने के बाद मुझे बताया गया कि जिन किसानों के पहले नंबर लगे हुए हैं उनको खाद मिलेगी। मुझे सरसों व गेहूं की बिजाई के लिए 8 बैग डीएपी खाद की आवश्यकता है लेकिन अभी तक एक भी नहीं मिली है।
- पालाराम किसान, गांव बीघड़।
सुबह 9 बजे से डीएपी खाद के वितरण की सूचना पाकर खाद केंद्र पर पहुंचा हूं। मुझे अभी तक एक भी बैग खाद नहीं मिली है। गांव बीघड़ के पैक्स पर भी खाद पहुंची है लेकिन किसानों में इसका वितरण नहीं किया गया है।
- रोहतास किसान, गांव बीघड़।
:: जिले के खाद केंद्रों पर व पैक्स पर 4800 बैग डीएपी खाद पहुंची है। जिसका वितरण जारी है। किसानों से अपील है कि वे जरूरत के अनुसार ही खाद की खरीद करें ताकि सभी किसानों को आवश्यकता के अनुसार खाद मिल सके।
- संदीप श्योराण, इफको, फील्ड मैनेजर, फतेहाबाद।