फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग ने जिले में कोरोना के आरटीपीसीआर सैंपलिंग शुरू कर दी है। बड़ोपल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौजूद आरटीपीसीआर लैब में अंबाला से 20 जांच किट पहुंची। इन किट से करीब 12 हजार सैंपलों की जांच हो सकेगी।
बता दें कि जिले में करीब पांच माह बाद आरटीपीसीआर सैंपलिंग शुरू हुई है। शुक्रवार को नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में कोरोना के सैंपल लेने शुरू कर दिए गए। अब लोगों को आरटीपीसीआर सैंपल करवाने के लिए हिसार या सिरसा नहीं जाना पड़ेगा। पहले दिन जिले में कोरोना के 43 आरटीपीसीआर और 49 रैपिड एंटीजन सैंपल लिए गए हैं। आरटीपीसीआर लैब में सैंपल जांच तीन दिन पहले शुरू हो जानी थी। लेकिन सैंपल जांच किट में दिक्कत आने के कारण नहीं हो पाई। स्वास्थ्य विभाग ने उच्च अधिकारियों को डिमांड भेजी। इसके बाद अंबाला से 20 किट आई है। अधिकारियों की माने तो इन 20 जांच किट से करीब 12 हजार सैंपलों की जांच हो सकती है।
पांच माह से बंद थी लैब
बड़ोपल की आरटीपीसीआर लैब करीब पांच माह से बंद थी। माइक्रोबायलोजिस्ट न होने के कारण लैब शुरू नहीं हो पा रही थी। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में माइक्रोबायलोजिस्ट आने के बाद लैब शुरू करने की प्रक्रिया शुरू की गई। अब शुक्रवार से औपचारिक रूप से लैब शुरू हुई है।
जिले में अब तक संक्रमण की स्थिति
जिले में अब तक लिए गए सैंपल : 421490
कोरोना संक्रमित मिले : 20240
कोरोना संक्रमित स्वस्थ हुए : 19732
कोरोना संक्रमितों की हुई मौत : 503
जिले में फिलहाल एक्टिव केस : 5
कोट
लैब में किट आने के बाद सैंपलिंग जांच शुरू हो गई है। अस्पतालों में आरटीपीसीआर सैंपल लिए जा रहे हैं। जिले में कोरोना सैंपलिंग बढ़ाई जाएगी।
-मेजर डॉ. शरद तुली, उप सिविल सर्जन