कोरोना संक्रमण का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आए लोग भी संक्रमित हो रहे हैं और लंबी चेन बनती जा रही है। चेन बढ1ना स्वास्थ्य विभाग के लिए चिंता का विषय बनता जा रहा है। शनिवार को 19 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक शेखुपर सोत्तर में आठ, गांव गोरखपुर के एनपीसीएल में एक, नहला में दो, फतेहाबाद में सात तथा भट्टूकलां में एक केस सामने आया है। इसके बाद जिला में शनिवार दोपहर तक कोरोना मरीजों की संख्या 214 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक हुडा सेक्टर स्थित निजी अस्पताल के कर्मचारी के पॉजिटिव आने के बाद उसके परिवार व पड़ोसियों की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। गांव शेखपुर सोत्तर निजी अस्पताल स्टाफ कर्मचारी के परिवार व पड़ोस के 8 लोग संक्रमित मिले हैं। इसमें चार महिलाएं शामिल हैं। कर्मचारी कोरोना संक्रमण से मरे सेवादार के संपर्क मे आया था। इसी निजी अस्पताल में दवाई लेने गया सुंदर नगर निवासी व्यक्ति भी पॉजिटिव मिला है। इसके अलावा शुक्रवार रात को कोरोना संक्रमण से मरे सेवानिवृत्त सेवादार के परिवार के पांच सदस्य संक्रमित मिले हैं। मृतक की पत्नी, दूसरा बेटा व उसकी पत्नी व दो पोते संक्रमित पाए गए हैं। गांव गोरखपुर के एनपीसएल थर्मल प्लांट में राजस्थान से आया ठेकेदार भी संक्रमित मिला है। ठेकेदार 14 जुलाई राजस्थान के सीकर से आया था। तीन लोगों के सैंपल लिए थे इसमें दो की रिपोर्ट निगेटिव आई है। फतेहाबाद के हुडा सेक्टर में चंडीगढ़ से आए व्यक्ति की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने उसे उपचार के लिए कोविड हेल्थ सेंटर भेज दिया है। गांव नहला में दो आशा वर्कर की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। विभाग ने सामुदायिक संक्रमण जांचने के लिए आशा वर्कर के सैंपल लिए थे। जांच में संक्रमित मिली हैं। विभाग अब इनके संपर्क मे आए लोगों की सूची तैयार कर रहा है। भट्टूकलां में बिहार से आया एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला है। व्यक्ति मजदूरी के लिए यहां आया था, स्वास्थ्य विभाग ने जांच के लिए सैंपल लैब में भेजा था जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई।