फतेहाबाद। डेंगू का प्रकोप अभी जारी है और फतेहाबाद शहर हॉटस्पॉट बना हुआ है। 77 फीसदी डेंगू केस फतेहाबाद शहर में मिले हैं। शनिवार को जिले में डेंगू के 18 नए केस मिले हैं अब आंकड़ा 658 तक पहुंच चुका है। फतेहाबाद शहर की बात करें तो करीब 510 केस डेंगू के यहां मिल चुके हैं। जिले में डेंगू के प्रकोप के बावजूद लोग भी नहीं सुधर रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक डेंगू के 18 नए केस मिले हैं इसमें 9 नए केस फतेहाबाद शहर में मिले हैं। फतेहाबाद के वाल्मिकी चौक में 31 वर्षीय युवती, शक्ति नगर निवासी 24 वर्षीय युवक, मातूराम कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय युवक, अग्रवाल कॉलोनी निवासी 13 वर्षीय लड़का, ठाकर बस्ती निवासी युवक, शक्तिनगर निवासी किशोरी, सुंदर नगर निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति, पुरानी तहसील चौक निवासी युवक, भूथनकलां निवासी बुजुर्ग महिला, गांव किरढ़ान निवासी युवक, 35 वर्षीय महिला डेंगू पॉजिटिव मिली है।
जिले में 5011 घरों में लारवा मिल चुका है और इन्हें नोटिस भी जारी हो गया है। लोगों के घरों में सबसे ज्यादा लारवा फ्रिज की ट्रे और पानी की टंकियों में मिल रहा है। आंकड़ों पर नजर डाले तो 1700 घरों में पानी की टंकियों और 843 घरों में फ्रिज ट्रे में लारवा मिल चुका है।
180 लोगों के सैंपल लिउ
स्वास्थ्य विभाग डेंगू के अब तक 2362 सैंपल ले चुका है। इसमें 658 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। शनिवार को जिले में डेंगू के 180 सैंपल लिए गए हैं। नागरिक अस्पताल फतेहाबाद में ही सिर्फ एलाइजा टेस्ट की सुविधा है। यहां पर स्वास्थ्य विभाग फ्री टेस्ट करता है।
निजी अस्पतालों में बढ़ रही ओपीडी
मौसम में परिवर्तन के बाद लोग वायरल बुखार की चपेट में आ रहे हैं। बुखार और शरीर में दर्द की शिकायत लेकर लोग अस्पतालों में पहुंच रहे हैं। निजी अस्पतालों में रोजाना 150 से ज्यादा ओपीडी हो रही है। हालात ये हैं कि अस्पतालों में बेड खाली नहीं मिल रहे हैं।
कोट
डेंगू को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सर्वे कर रही हैं और लारवा को नष्ट करने में जुटी है। रतिया में भी स्पेशल अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील है कि अपने घरों में लारवा न पनपने दें।
- डॉ. वीरेश भूषण, सिविल सर्जन