सफाई कर्मचारियों के दो पद के लिए 48 ने किया आवेदन
अमर उजाला ब्यूरो
भूना।
ग्राम पंचायत जांडली कलां में दो सफाई कर्मचारियों के पद पर 48 बेरोजगार युवक युवतियों ने आवेदन किया है।आवेदनकर्ताओं में दस के करीब एलएलबी, बीएड, आईटीआई वाले है। आवेदन ग्राम पंचायत के पास जमा करवाए गए थे। जिनकी अंतिम तिथि वीरवार को होने के कारण खंड स्तरीय सफाई कर्मचारी चयन समिति के समक्ष आवेदन पत्र जमा करवाए गए हैं। जिनको देखकर चयन समिति भी हैरान है। क्योंकि उच्च शिक्षित युवक युवतियों ने सफाई कर्मचारी का पद प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है, इसके साथ-साथ सत्तासीन राजनेताओं की सिफारिशे भी लगवाई जा रही हैं। आवेदन कर्ताओं में 12 महिलाएं व 36 पुरूषों ने बायोडाटा जमा करवाया है। उपरोक्त दोनों पद अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हैं। जिनमें महिला व पुरूष किसी को भी सफाई कर्मचारी पद पर रखा जा सकता है। मगर विभागीय विज्ञापन में शैक्षणिक योग्यता से संबंधित कोई भी शर्त नहीं रखी गई है।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय भूना ने आठ ग्राम पंचायतों में दस सफाई कर्मचारियों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया था। जिसके बाद सर्वाधिक आवेदन ग्राम पंचायत जांडली कलां में आए हैं। जिसमें दो सफाई कर्मचारियों को लेना है। जांडली कलां व बोस्ती में दो-दो कर्मचारी, वहीं मोचीवाली, चंद्रावल, भूंदड़ा, कानी खेड़ी, टिब्बी, सिंथला में एक-एक सफाई कर्मचारी का चयन 25 मई को इंटरव्यू के माध्यम से होना है।
ये कमेटी करेगी चयन
सफाई कर्मचारियों का इन्टरव्यू खंड स्तरीय चयन समिति लेगी। जिस में खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी, समाज शिक्षा एवं पंचायत अधिकारी, ग्राम सचिव व संबंधित पंचायत का अनुसूचित जाति का पंच शामिल होगा। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी रविन्द्र कुमार दलाल ने बताया कि इसमें मेरिट का कोई महत्व नहीं है। सफाई कर्मचारी पद पर उन्हें लिया जाएगा जो गांव की सफाई करने के योग्य एवं सक्रिय भूमिका निभा सके।