राहगीरी कार्यक्रम 27 को, तैयारियों को लेकर डीएसपी ने की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
युवाओं को संस्कृति व खेलकूद से जोड़ने के लिए शुरू किए गए राहगीरी कार्यक्रम की कड़ी में रविवार 27 मई को भी जिला में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन होगा। जिसमें अनेक प्रकार की खेल गतिविधियों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ हरदीप सिंह व पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण विशेष तौर पर उपस्थित होकर युवाओं और नागरिकों का हौसला बढ़ाएंगे।
राहगीरी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिला मुख्यालय के उप पुलिस अधीक्षक रविंद्र सिंह तोमर की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजन हुआ। बैठक में राहगीरी कार्यक्रम को किस तरह रोचक व सफल बनाया जाए, इस बारे विचार विमर्श किया गया। डीएसपी तोमर ने बताया कि पिछली बार की तरह जिला में इस बार नए स्वरूप में राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि रविवार 27 मई को प्रात: 6 बजे महर्षि तुलसीदास चौक से महर्षि बाल्मीकि चौक तक राहगीरी कार्यक्रम का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों की चैयर रेस, गांव चबलामोरी व हिजरावा खुर्द के बीच रस्सा कस्सी, कुश्ती, महिलाओं की चम्मच रेस, पुलिस विभाग व खेल विभाग के बीच रूमाल चक गेम होगा। इस बार योगा को नये अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। योगा म्यूजिक पर स्कूली बच्चे और छात्र योग करेंगे। विभिन्न मुकाबलों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा योग विधाओं का प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कार भी दिए जाएंगे। अभी तक जिला में राहगीरी कार्यक्रम बेहद सफलतापूर्वक आयोजित किए गए है। बैठक में तहसीलदार नवजोत कौर बराड़, योग प्रशिक्षक अंबिका पांटा, एसआई जगदीश चंद्र, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता अनूप सिंह, पतंजलि से एडवोकेट सुमनलता सिवाच मौजूद थे।