अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण फतेहाबाद की ओर से न्यायिक परिसर फतेहाबाद में शनिवार को जिला में 5वीं राष्ट्रीय लोक अदालत आयोजित की गई। इसमें पहुंचीं 1737 मामलों में से 889 का हुआ निपटारा किया गया। लोक अदालत में फौजदारी प्रकरण, एनआई एक्ट 138, मोटर वाहन दुर्घटना दावा (एमएसीटी), एआईआर, ट्रांसपोर्ट, पारिवारिक विवाद, श्रम विवाद, भूमि अधिग्रहण, किराया, बैंक रिकवरी मामले, राजस्व, बिजली चोरी व पानी बिल सहित विभिन्न प्रकार के मामलों की सुनवाई की गई।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के चेयरमैन व जिला एवं सत्र न्यायाधीश एके जैन ने कहा कि लोक अदालत विवादों को निपटाने का वैकल्पिक साधन है। लोक अदालत बेंच सभी स्तरों जैसे सर्वोच्च न्यायालय, उच्च न्यायालय, जिला न्यायालय स्तर पर दो पक्षों के मध्य विवाद को आपसी सहमति से निपटानें के लिए गठित की जाती है। उन्होंने बताया कि उपमंडल टोहाना व रतिया कोर्टों सहित जिला की 12 विभिन्न कोर्टों में लोक अदालत के तहत मामलों की सुनवाई की गई।
जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी राहुल बिश्रोई ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न कोर्टों में कुल 1737 मामलों की सुनवाई की गई, जिसमें से 889 मामलों का निपटारा आपसी सहमति के आधार पर किया तथा विभिन्न मामलों की सुनवाई करते हुए एक करोड़ 63 लाख 77 हजार 566 रुपये की राशि जुर्माना व अवार्ड के रूप में पास की गई। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के 717 मामलों में से 379 का निपटारा किया गया, जिसमें से 25 लाख 99 हजार 107 रुपये की राशि जुर्माना व अवार्ड के रूप में पास की गई। इसी प्रकार से कोर्ट में लंबित मामलों की सुनवाई करते हुए 1020 मामलों में से 510 मामलों का निपटारा किया गया और एक करोड़ 37 लाख 78 हजार 459 रुपये की राशि जुर्माना व अवार्ड के रूप में पास की गई।
इनकी कोर्टों में लगी लोक अदालत
सीजेएम राहुल बिश्रोई ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के तहत न्यायिक परिसर फतेहाबाद में डिस्ट्रिक्ट एंड सेशन जज एके जैन, एडीएसजे संदीप गर्ग, एडीएसजे राजेंद्र सिंह ढांडा, एडीएसजे आरती सिंह, एसीजेएम विकास गुप्ता, सीजेएम अर्चना यादव, जेएमआईसी जतिन गर्ग, जेएमआईसी सुमित तुर्कीया सहित उपमंडल टोहाना में एसडीजेएम विनय शर्मा, जेएमआईसी सुमित कालोन, जेएमआईसी आजाद सिंह तथा उपमंडल रतिया में एसडीजेएम अशोक मान की कोर्ट में विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई।