फतेहाबाद। डेंगू को लेकर लापरवाही अभी महंगी पड़ सकती है, नए केस जिले में अभी कम नहीं हुए है। मंगलवार को जिले में डेढ़ साल के बच्चे समेत 13 नए केस मिले है। डेंगू मरीजों का आंकड़ा 945 तक पहुंच गया है। ये ही नहीं लोग लारवा को लेकर भी जागरूक नहीं हो रहे है। मंगलवार को सर्वे के दौरान 25 घरों में लारवा मिला है।
अब तक 4 लाख 32 हजार 342 घरों में सर्वे का स्वास्थ्य विभाग दावा कर रहा है। इसमें से 5322 घरों में लारवा मिल चुका है। सबसे अधिक लारवा लोगों के घरों में पानी की टंकियों में मिला है। 1835 टंकियों, 1488 कूलरों, 447 गमलों, 919 फ्रिज ट्रे में लारवा मिला है।
ये मिले है डेंगू के नए केस
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट फतेहाबाद की प्रोफेसर कॉलोनी में 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला, टोहाना की कृष्णा कॉलोनी में बुजुर्ग, शक्ति नगर में 50 वर्षीय व्यक्ति, गांव बोसवाल में 38 वर्षीय युवक, रतिया के शिव चौक निवासी तीन वर्षीय बच्ची, गांव कंहेड़ी निवासी डेढ़ वर्षीय बच्चा, ढाणी ईसर में 25 वर्षीय युवती डेंगू पॉजिटिव मिली है।
डेंगू के 65 सैंपल लिए
स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को डेंगू के 65 सैंपल लिए है। अब तक 3589 सैंपल लिए जा चुके है। इसमें 945 मरीज डेंगू पॉजिटिव मिले है। रिपोर्ट के मुताबिक 180 डेंगू मरीजों को अस्पताल में दाखिल होने की जरूरत पड़ी है। फिलहाल 19 मरीज ही दाखिल है। 161 मरीज डिस्चार्ज हो चुके है।
2017 में मिले थे डेंगू के 419 केस, अब 945 तक पहुंचे
डेंगू ने इस बार पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए है। 2017 में डेंगू के सर्वाधिक 419 केस मिले थे, लेकिन इस बार आंकड़ा दोगुने से भी ज्यादा हो गया है। अब तक 945 केस मिल चुके है। ये ही नहीं डेंगू का प्रकोप अभी खत्म भी नहीं हुआ है।
डेंगू को लेकर लोगों को भी जागरूक होने की जरूरत है। मंगलवार को जिले में 13 नए केस मिले है। लोगों से अपील है कि अपने घरों के आसपास पानी इकट्ठा न होने दें और घर पर भी सफाई रखें। डेंगू के लक्षण दिख रहे हैं तो जांच जरूर करवाएं। नागरिक अस्पताल में निशुल्क जांच होती है।
- डॉ. हनुमान, उप सिविल सर्जन