फतेहाबाद के समाज कल्याण विभाग में पेंशन लागू करवाने के कार्यालय के चक्कर लगा रहा विधवा सुमन का
फतेहाबाद। बुजुर्गाें, विधवा और दिव्यांगों को सरकार की ओर से मिलने वाली पेंशन को लेकर लोग विभागों के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं। करीब एक साल से पेंशन लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। जिले के 4,763 पेंशनपात्रों को राहत मिली है। इसके बावजूद करीब 1,200 पात्रों को पेंशन लागू होने का इंतजार है, जिसके लिए वह विभाग के चक्कर लगाने के लिए मजबूर हैं।
बुजुर्गों का कहना है कि पेंशन लागू करवाने के लिए वह बैंक और विभाग के चक्कर लगा रहे हैं, न तो बैंक सुन रहे हैं और न ही समाज कल्याण विभाग। खाते में पेंशन आई या नहीं, विभाग ने भेजी या नहीं कोई बताता तक नहीं है।
पात्रों को एक ही जवाब मिलता है कि क्रीड विभाग से सूची में नाम नहीं आया है। सरकार 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके बुजुर्गों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत हर माह 3,000 रुपये देती है। इस राशि से बुजुर्गों की बहुत सारी जरूरतें पूरी हो जाती हैं।
पेंशन न मिलने से बुजुर्गों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इस साल पेंशन लागू होने के काम में तेजी है, इससे फरवरी में 2,881 पेंशनपात्र, मार्च में 1,644 और अप्रैल में 530 पात्रों की पेंशन लागू हुई है। इससे उनको राहत मिली है।