सीवर लाइन डालने में धांधली के चलते लोगों ने रुकवाया कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
भूना। सीवरेज पाइप लाइन बिछाने के कार्य में जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से ठेकेदार द्वारा निर्माण सामग्री में भारी अनियमितताएं बरत कर लाखों रुपये का चूना लगाया जा रहा है। जिसको लेकर शहर के लोगों ने सोमवार को निर्माण कार्य रुकवा दिया और विरोध प्रदर्शन किया। लोगों ने कहा कि निर्धारित मापदंडों के अनुरूप सीवरेज पाइप लाइन न दबाकर खानापूर्ति की जा रही है। जिससे ठेकेदार के वारे न्यारे हो रहे हैं। परंतु अधिकारियों ने सांठगांठ के चलते ठेकेदार की धांधली को नजरअंदाज करके चुप्पी साध रखी है।
क्या है पूरा मामला
प्रदेश सरकार द्वारा भूना शहर में करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज निर्माण का कार्य एक सप्ताह पूर्व ही शुरू किया गया था। जिसके प्रारंभिक दौर मेें शहर की मुख्य सड़कों के साथ-साथ खुदाई करके तलहटी पर बिना बेड (फर्श) बिछाए पाइप लाइन बिछाई जा रही है। जिससे पाइप लाइन की मजबूती नहीं हो रही और लेवल भी संतुलित नहीं हो रहा है। मामले की सूचना जब शहर के गणमान्य व्यक्तियों को मिली तो ठेकेदार से इस बारे में आपत्ति जताई और विरोध करना शुरू कर दिया। नगर पालिका के पार्षद प्रवीन जैन, बिट्टू मुंजाल, राजेंद्र सिंह, बलबीर सिंह, जयभगवान, होशियार सिंह, सतीश कुमार, सुमित कुमार, ओम प्रकाश आदि ने बताया कि संबंधित ठेकेदार सीवरेज पाइप लाइन को दबाने के लिए हाथोंहाथ खुदाई करके पाइप लाइन डाल रहा था। जो कुमार नर्सिंग होम से लेकर हिसार रोड तक करीब 800 फुट की दूरी तक पाइप लाइन का लेवल एवं मजबूती के लिए खुदाई के दौरान पाइपों के नीचे फर्श निर्माण में किसी भी प्रकार की सामग्री नहीं डाली गई। जब इस बारे में ठेकेदार को उपरोक्त कार्य के निर्माण का एस्टीमेट दस्तावेज दिखाने की बात कही तो वह आनाकानी करने लगा। इस दौरान शहर के लोगों ने खुदाई कार्य में लगी जेसीबी मशीन को बंद करवा दिया और मौके पर ही हंगामा किया। लोगों ने कहा कि जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी इस गोलमाल में संलिप्त हैं। जिसके कारण ठेकेदार ने रातोंरात सीवरेज पाइप लाइन निर्धारित निर्माण सामग्री इस्तेमाल किए बिना ही दबा दी गई। जिससे शहरवासियों को आने वाले दिनों में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
कार्य बंद करवाने पर जागा विभाग
भूना के लोगों द्वारा सीवरेज पाइप लाइन निर्माण कार्य मेें भारी अनियमितताएं बरतने के आरोप को लेकर सोमवार को हंगामा किया तो जन स्वास्थ्य विभाग के कनिष्ठ अभियंता अश्वनी कुमार व सुपरवाइजर रणधीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों से सहयोग देने की अपील की। अधिकारियों ने बताया कि ठेकेदार ने जो लापरवाही की है, उस कार्य को दोबारा शुरू करवाया जाएगा। जेई ने कहा कि पाइप लाइन के नीचे 6 इंची बेड (फर्श) निर्माण होगा और फिर दोबारा पाइप लाइन बिछाई जाएगी। उन्होंने ठेकेदार को भी लापरवाही बरतने पर फटकार लगाई और लोगों को भविष्य में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने का आश्वासन देकर निर्माण कार्य शुरू कर दिया।
कुछ दूरी तक ठेकेदार ने बिना फर्श बैड लगाए पाइप लाइन का निर्माण कर दिया था। लोगों के जब इस विरोध और मामले की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया तो ठेकेदार की लापरवाही मिली। जिसके बाद लोगों को शांत करवाकर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया गया है और भविष्य मेें ऐसी शिकायत का मौका नहीं मिलेगा।
अश्वनी कुमार, कनिष्ठ अभियंता, जन स्वास्थ्य विभाग