नपा अधिकारियों पर चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
रतिया। रतिया में नगरपालिका के ऑनलाइन टेंडरों में घपलेबाजी को लेकर शहर के पार्षद एक और सुधार सैल के प्रोजेक्ट डायरेक्टर रॉकी मित्तल से मिले। इस दौरान पार्षदों ने नगरपालिका अधिकारियों के घपलेबाजी की शिकायत करते हुए अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग। वहीं रॉकी मित्तल ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि वह रतिया में टेंडरों की घपलेबाजी का मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं नगर विकास मंत्री कविता जैन के संज्ञान में लाएंगे और घपलेबाजी की जांच करवाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में जो दोषी पाए गए उन अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मित्तल को दिए ज्ञापन में नगरपालिका रतिया की वाइस चेयरमैन सर्वजीत कौर के प्रतिनिधि जगराज सिंह नंबरदार, पार्षद सुरेंद्र बाजीगर, नवनीत गर्ग, गुरप्रीत गोरा, हरजिंद्र सिंह, अमरजीत बाजीगर, हरवीर सोनी और अन्य शहरवासियों ने आरोप लगाया कि रतिया नगरपालिका के कुछ अधिकारी अपने चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए ऑनलाइन टेंडरों में घपलेबाजी कर रहे हैं, जिस कारण शहर का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ समय पहले शहर के सभी वार्डों के विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के टेंडर लगाए गए थे, लेकिन नगरपालिका के कुछ अधिकारियों ने अपने चहेते ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने के लिए उक्त ठेकेदार के टेंडर को छोड़कर शहर के सभी वार्डों के टेंडरों को मनमाने तरीके से रद्द कर दिया लेकिन उक्त ठेकेदार के टेंडर को ज्यादा रेटों पर भी मंजूरी देकर खुलवा दिया। जबकि एक ही दिन में लगाए गए शहर के अन्य वार्डों के टेंडरों को रद्द कर दिया गया। पार्षदों ने आरोप लगाया कि नगरपालिका के अधिकारियों ने पूरे शहर की अनदेखी कर दोबारा से जो विकास कार्यों के टेंडर लगाए हैं उनमें पुराने किसी भी टेंडर को नहीं लगाया गया, जिस कारण शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य ठप पड़े हैं। पार्षदों ने रॉकी मित्तल के समक्ष आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार द्वारा डी-प्लान के कार्य ऑनलाइन टेंडरों के माध्यम से ही करवाने के निर्देश दिए थे लेकिन नगरपालिका के अधिकारी कथित रूप से घपलेबाजी करते हुए इन कार्यों को टेंडरों के माध्यम से करवाने की बजाय अपने निजी ठेकेदारों से मनमाने तरीके से करवा रहे हैं और कुछ कार्य तो उन जगहों पर करवाए जा रहे हैं, जहां पर जरूरत ही नहीं है। पार्षदों ने रॉकी मित्तल से मांग की कि रतिया नगरपालिका के टेंडरों में घपलेबाजी की जांच करवाकर कड़ी कार्रवाई की जाए। मित्तल ने समस्या सुनने के बाद आश्वासन दिया कि वह रतिया में टेंडरों की घपलेबाजी का मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल व नगर विकास मंत्री कविता जैन के संज्ञान में लाएंगे और घपलेबाजी की जांच करवाकर जांच में दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करवाएंगे। जब इस बारे में रॉकी मित्तल से बात की गई तो उन्होंने बताया की रतिया के पार्षदों ने नगरपालिका के ऑनलाइन टेंडरों में घपलेबाजी की शिकायत सौंपी है जिसकी शीघ्र जांच करवाई जाएगी।