दिव्यांग खिलाड़ियों ने जीते 12 पुरस्कार
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद। जिला फतेहाबाद के विद्यार्थियों ने गत दिवस जींद में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में 12 इनाम जीत कर जिले का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों की इस जीत पर जिला परियोजना संयोजक धनपत राम ने विद्यार्थियों को बधाई दी है।
जानकारी देते हुए सहायक परियोजना संयोजक अनिल सिवाच ने बताया कि समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत 15 से 18 फरवरी तक जींद के एकलव्य स्टेडियम में तीन दिवसीय राज्य स्तरीय खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम (दिव्यांग विद्यार्थी), योगा प्रतियोगिता (सामान्य श्रेणी) तथा स्पेल-बी प्रतियोगिता (सामान्य श्रेणी) का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ नवनिर्वाचित विधायक कृष्ण मिढ्ढा ने किया। कार्यक्रम का समापन व पुरस्कार वितरण हिसार रेंज के कमिश्नर पंकज यादव व नरवाना की एसडीएम द्वारा किया गया।
सिवाच ने बताया कि इस कार्यक्रम में जिला फतेहाबाद के राजकीय विद्यालयों से कुल 68 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में कुल 12 इनाम जीते, जिनमें 3 प्रथम स्थान, 5 द्वितीय स्थान तथा 4 तृतीय स्थान हासिल किए। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में विजेता रहे प्रतिभागियों को कमिश्नर पंकज यादव व नरवाना की एसडीएम ने पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया। इन बच्चों के साथ विशेष अध्यापक मुनीम कुमार, लक्ष्यविंद्र, मुखत्यार सिंह, वेदप्रकाश, सविता रानी, सुदेश रानी, पीटीआई इंद्रावती, सुनीता तथा संस्कृत अध्यापक यादराम उपस्थित थे।