फतेहाबाद।
सोमवार से चंडीगढ़ में विधानसभा का नया सत्र शुरु होने जा रहा है। इस तीन दिवसीय विधानसभा सत्र के लिए जिले के विधायकों ने भी अपनी-अपनी तैयारी पूरी कर ली है। फतेहाबाद जिला हर बार ही विधानसभा में खास होता है क्योंकि जिले के तीन में से दो विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया व रविंद्र बलियाला विपक्षी इनेलो के हैं तो टोहाना से विधायक सुभाष बराला सत्ताधार भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष भी हैं। विधानसभा सत्र से ऐन पहले जिले के तीनों विधायकों ने %अमर उजाला’ से सत्र के लिए अपनी-अपनी रणनीति सांझा की।
सुभाष बराला, बीजेपी विधायक, टोहाना
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं टोहाना से विधायक सुभाष बराला सत्ताधारी पार्टी के हैं तो ऐसे में वो विधानसभा में विपक्षी दलों के हमलों से अपनी पार्टी के बचाव का ही प्रयास करेंगे। लेकिन इसके बावजूद वो चंडीगढ़ में रहते हुए टोहाना के लंबित प्रोजेक्टों जैसे बाईपास, बस स्टैंड निर्माण, नए कालेज के निर्माण को लेकर सारी कागजी कार्यवाही को पूरा करने का प्रयास करेंगे। बराला कहते भी हैं कि वैसे तो पूरा हरियाणा उनका है लेकिन टोहाना की जनता ने उनको विधानसभा में नुमाइंदा बनाकर भेजा है तो टोहाना के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।
बलवान सिंह दौलतपुरिया, इनेलो विधायक, फतेहाबाद
फतेहाबाद से विधायक बलवान सिंह दौलतपुरिया प्रमुख विपक्षी दल इनेलो से सम्बन्धित हैं। ऐसे में सरकार को घेरने के साथ साथ वो फतेहाबाद के लिए भी कई मांगों को उठाने का प्रयास करेंगे। विधायक बलवान के मुताबिक फतेहाबाद में सरकारी कालेज, वर्तमान बस स्टैंड की जगह पर ट्रामा सेंटर, फतेहाबाद से वाया भूना सूरेवाला चौक तक फोरलेन का मुद्दा उठाएंगे। भूना फोरलेन का प्रस्ताव पहले भी खारिज हो चुका है। इसके अलावा फतेहाबाद हलके के सेमग्रस्त गांवों और शहर की सीवरेज व्यवस्था के मास्टर प्लान और सरकारी अस्पताल में चिकित्सकों के लिए सरकार से मांग करेंगे। वे इसके अलावा पराली के मुद्दे पर इनेलो के ध्यानाकर्षण प्रस्ताव का भी हिस्सा होंगे।
रविंद्र बलियाला, इनेलो विधायक, रतिया
रतिया से विधायक प्रो. रविंद्र बलियाला भी विपक्षी दल इनेलो से ही विधायक हैं। सोमवार से शुरु हो रहे विधानसभा सत्र में वो रतिया में बह रही घग्गर नदी के प्रदूषण का मसला जोरशोर से उठाने के मूड में हैं। इसके अलावा हंसपुर-फतेहाबाद मार्ग को चौड़ा करने एवं फोरलेन करने की बात भी वो बताते हैं। उनके अनुसार इस मार्ग से रोजाना सैंकड़ों की तादाद में बड़े वाहन ट्रक और टैंकर निकलते हैं, ऐसे में इस सड़क का चौड़ा होना अनिवार्य है। रतिया विधायक के मुताबिक इस बार विस सत्र में वो रतिया अस्पताल में चिकित्सकों एवं स्कूलों में अध्यापकों की कमी का मुद्दा भी उठाएंगे। बलियाला कहते हैं कि शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं, दोनों ही इंसानी समाज की मूलभूत जरूरतें हैं लेकिन इसके बावजूद सरकार ने दोनों ही सुविधाओं से रतिया को महरूम रखा हुआ है।
22एफटीबीपी13 : टोहाना के विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ।
22एफटीबीपी14 : बलवान सिंह दौलतपुरिया, इनेलो विधायक, फतेहाबाद
22एफटीबीपी 15: रविंद्र बलियाला, इनेलो विधायक, रतिया