फतेहाबाद। रोडवेज यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा देने के लिए डिपो में शामिल होने वाली 10 नई बसों का इंतजार लगभग पांच माह बाद भी खत्म नहीं हुआ है। फतेहाबाद डिपो को जून में इन बसों के मिलने की उम्मीद थी, लेकिन गुरुग्राम में निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण अब तक बसें तैयार नहीं हो पाई हैं।
उधर, डिपो की कई पुरानी बसें खस्ता हालत में हैं। ऐसे में नई बसों की देरी से यात्रियों को लंबे और ग्रामीण रूटों पर बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद भी अटकी हुई है।
रोडवेज डिपो में बसों की संख्या बढ़ाने और परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 10 नई बसें शामिल करने की योजना बनाई गई थी। इसके तहत जून माह में बसें डिपो पहुंचनीं थीं। विभाग को उम्मीद थी कि निर्धारित समय पर बसें मिलने से विभिन्न रूटों पर बसों की उपलब्धता बढ़ेगी और यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
खासकर लंबे रूटों और ग्रामीण क्षेत्रों में बसों का संचालन सुचारु बनाने में मदद मिल सकती थी। हालांकि, गुरुग्राम में बसों का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने से पूरी प्रक्रिया निर्धारित समय से पीछे चल रही है। जून से नवंबर तक करीब पांच माह का समय बीत चुका है, लेकिन बसें डिपो तक नहीं पहुंचीं हैं। ऐसे में नई बसों के संचालन की योजना भी आगे नहीं बढ़ पाई है।
पुरानी बसें हो रही जर्जर
जिले में कुल 200 रोडवेज बसों को स्वीकृति है, जिले में कुल 185 बसों का संचालन हो रहा है। जिसमें कुछ बसें जर्जर हो चुकी है और कुछ बसें जर्जर होने वाली है। इसके अलावा प्रशिक्षण देने के लिए भी कुछ बसें चलती है। जिले को अगर ये बसें जल्द मिल जाए तो आमजन को राहत मिलेगी। जिससे जिले में परिवहन व्यवस्था में सुधार होगा और आमजन को इसका पूरा लाभ मिलेगा।
वर्तमान में डिपो की मौजूदा बसों के सहारे ही विभिन्न रूटों पर परिवहन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। नई बसें मिलने से विभाग को अतिरिक्त वाहन उपलब्ध होते और जरूरत के अनुसार रूटों पर बसों की संख्या बढ़ाई जा सकती थी। फिलहाल बसों के तैयार होने और फतेहाबाद पहुंचने की निश्चित समय सीमा सामने नहीं आई है।
जल्द तैयार होनी चाहिए बसें -
राजकुमार रोडवेज यूनियन फतेहाबाद के प्रधान राजकुमार दारा ने बताया कि मुख्यालय की ओर से जिले के लिए 10 बसें मंजूर हो चुकी है। गुरुग्राम से 10 नई बसें जून माह में पहुंचनीं थीं, लेकिन छह माह बीतने के बाद भी बसें तैयार नहीं हो पाई हैं। नई बसों की कमी का असर परिवहन व्यवस्था पर पड़ता है। बसों की संख्या बढ़ने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने के साथ ही लंबे और ग्रामीण रूटों पर भी संचालन में राहत मिल सकती है। विभाग को जल्द बसें तैयार करवाकर डिपो में भेजनी चाहिए, ताकि यात्रियों को इसका लाभ मिल सके।
गुरुग्राम में रोडवेज बसों को तैयार किया जाता है। इस बारे में दोबारा अधिकारियों से बात कर बसों को जल्द तैयार करवाया जाएगा।
सुमित कुमार, कार्यशाला प्रबंधक, रोडवेज फतेहाबाद।