बृहस्पतिवार को पीजीआईएमएस रोहतक की तीन महिला डॉक्टरों की टीम ने बीके अस्पताल का दौरा किया।
दिल्ली के मौलाना आजाद मेडिकल कॉलेज की तर्ज पर ईएसआई मेडिकल कॉलेज में बीके अस्पताल शामिल होगा। जिसके बाद आईपी (इंश्योर्ड पर्सन), बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) समेत सभी मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज अधिकारियों ने बीके अस्पताल में चल रहे सभी विभागों का जायजा लिया। दरअसल एनएच-तीन में ईएसआई मेडिकल कॉलेज को शुरू करने के लिए कॉलेज प्रबंधन ने एमसीआई (मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया) को आवेदन किया है।
एमसीआई के नियमों के अनुसार स्थानीय सरकारी अस्पताल कॉलेज के साथ शामिल होना चाहिए। मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. असीम दास ने बताया कि कॉलेज और अस्पताल दोनों एक दूसरे को स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने में सहायता करेंगे। इसके मद्देनजर बीके अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं का जायजा लिया गया है।
बीके अस्पताल के ईएसआई में शामिल होने के बाद मरीजों को जिले में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलना संभव हो सकेगा। टीम के दौरे के समय ईएसआई मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. असीम दास, बीके अस्पताल के डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. एमएम शर्मा समेत कई अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे।