फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद (ग्रेफ) के निवासियों ने बिल्डरों पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। जिसको लेकर निवासियों ने ग्रेफ वेलफेयर एसोसिएशन के सहयोग से एक बिल्डर के खिलाफ 420 का मामला दर्ज कराया है। साथ ही दूसरे बिल्डर के खिलाफ मामला दर्ज कराने की तैयार कर ली है। मामले की जांच पुलिस की अर्थिक अपराध शाखा को सौंप दी गई है।
एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अजय यादव ने बताया कि नहरपार के बिल्डर ग्राहकों के साथ धोखाधड़ी कर रहे हैं। बिल्डरों को पहले ही ईडीसी (एक्सटर्नल डवलपमेंट चार्ज) दिया जा चुका है। लेकिन, फिर से भारी भरकम ईडीसी की मांग की जा रही है। जिस समय लोगों ने फ्लैट को बुक कराया था उस समय स्पेस कुछ और तय किया गया था, लेकिन अब ग्राहकों को जबरन बढ़ा स्पेस दिया जा रहा है। जिसके पजेशन को लेकर अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है। बुकिंग के समय फ्लैटों डिजाइन कुछ और ही दिखाया गया था। लेकिन अब उसमें बदलाव किया जा चुका है। इसकी जानकारी ग्राहकों को नहीं दी गई है। साथ ही तय समय से दो वर्ष बाद भी बिल्डरों ने फ्लैट का पजेशन नहीं दिया है। इसके अलावा फ्लैटों के निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
पदाधिकारी धीरज जैन ने बताया कि इस विषय पर कई बार प्रशासन, हूडा अधिकारियों, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और सरकार के दरवाजे खटखटाए जा चुके हैं। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। इसलिए अब इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई। इसके लिए पिछले दिनों हमने पुलिस कमिश्नर के साथ मीटिंग भी की। मीटिंग के दौरान पुलिस कमिश्नर ने सभी मुद्दों पर ध्यान दिया और उसके बाद एफआईआर दर्ज करने की अनुमति दे दी।
पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के एएसआई अनूप सिंह ने बताया कि पिछले दिनों हमारे पास नहरपार के बिल्डर के खिलाफ 420 का एक मामला आया है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जल्द ही जांच पूरी कर आगे की कार्रवाई कर दी जाएगी।