हरियाणा के महेंद्रगढ़ में पुलिस ने बीडीपीओ की शिकायत पर मंगलवार को गांव मेघनवास की पूर्व महिला सरपंच के खिलाफ करीब साढ़े छह लाख रुपये के गबन करने का मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार पंचायत अधिकारी को गांव मेघनवास की पूर्व महिला सरपंच ब्रह्मा देवी के खिलाफ गांव में कराए गये विभिन्न विकास कार्यों में सरकारी पैसे का गबन करने की शिकायतें मिलीं थीं।
पंचायत अधिकारी ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि सन 2005 से 2010 की योजना में गांव मेघनवास में जोहड़ की खुदाई, पौधरोपण, मिट्टी के भरान, गांव में नालियां, हौदियां बनवाने के कार्यों में सरपंच ब्रह्मा देवी ने कागजों में धोखाधड़ी कर करीब साढ़े छह लाख रुपये का गबन किया था।
पंचायत अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने ब्रह्मा देवी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।