नेशनल हाईवे-44 पर करनाल में रविवार को बड़ा हादसा हुआ। यहां एक डंपर ने दंपती को कुचल दिया। इस हादसे में महिला की मौत हो गई। वहीं, पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
नेशनल हाईवे-44 पर दाहा मोड़ के पास रविवार दोपहर सड़क पार कर रही दंपती को तेज रफ्तार डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में 55 वर्षीय कांता देवी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही मधुबन थाना पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। घायल राजकुमार को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि कांता देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल भेजा गया। राजकुमार और उनकी पत्नी कांता देवी कुरुक्षेत्र जिले के गांव संदोली के रहने वाले थे।
दोनों रविवार को दाहा गांव में अपनी बेटी से मिलने के लिए आए थे। दोपहर बाद दोनों पैदल नेशनल हाईवे पार कर दाहा गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पानीपत की ओर से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया।