हरियाणा के जिला जींद के गांव झमौला में जिला परिषद उपचुनाव में वोटों के लिए दो गुटों के बीच हुई झड़प में बाप-बेटा घायल हो गए।
पिता सत्यवान की अस्पताल में जहर के प्रभाव से मौत हो गई। जुलाना थाना पुलिस ने मृतक के बेटे संजय की शिकायत पर छह लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। उधर, बेटे का आरोप है कि आरोपियों ने उनके पिता को जहर देकर मारा है।
जानकारी के अनुसार उप चुनाव के दौरान सत्यवान का गांव के ही राममेहर, रामकुमार सहित कुछ अन्य लोगों से झगड़ा हो गया। इसमें सत्यवान और उसके बेटे संजय को चोटें आईं।
बेटे के मुताबिक उस समय तो ग्रामीणाें ने बीच बचाव कर मामले को शांत कर दिया, लेकिन बाद में आरोपियों ने उसके पिता को जहर दे दिया।
संजय ने आरोप लगाया कि रामकुमार सहित छह लोग उसके पिता पर जिला परिषद उपचुनाव में किसी व्यक्ति को वोट देने के लिए दबाव बना रहे थे।
उसके पिता द्वारा मना करने पर बाप-बेटा के साथ मारपीट की और उनके पिता को जहर दे दिया।
इसकी सूचना मिलते ही डीएसपी आदर्शदीप, जुलाना थाना प्रभारी सहदेव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मृतक के बेटे संजय की शिकायत पर गांव झमौला निवासी राममेहर, रामकुमार, अनिल, सुभाष, जितेंद्र, बिजेंद्र के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है।
डीएसपी आदर्शदीप ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है।