हरियाणा के सोनीपत के गांव कुमासपुर-नांदनौर सड़क मार्ग पर मेहंदीपुर के डेयरी संचालक राकेश उर्फ फुलकंवार की हत्या के सनसनीखेज खुलासे के बाद अब नया मोड़ सामने आया है। हत्या की वारदात में उसके तीन साथियों के साथ ही मृतक की पत्नी भी षड्यंत्र में शामिल थी।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि मामले में फरार चल रहे आरोपी नरेंद्र की बीना के पति राकेश से दोस्ती थी। वह अक्सर उनके घर आता था। एक दिन राकेश ने पत्नी व युवक को साथ में देख लिया था, जिस कारण उनका झगड़ा भी हुआ था। बीना सोनीपत में ब्यूटी पार्लर चलाती थी। वह पति से झगड़ा करने के बाद मायके नाहरा गांव में चली गई थी। उसे लेकर आने की बात कहकर ही राकेश व तीन अन्य शादी समारोह से निकले थे।
पुलिस के अनुसार, वारदात वाली रात बीना लगातार देवेंद्र व फरार आरोपी नरेंद्र से फोन पर बात कर रही थी। उधर, आरोपियों ने बताया कि शादी में उनका राकेश के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद वह कार से नाहरा के लिए चल पड़े। कार को अंजीत चला रहा था। कार की डंपर के साथ टक्कर हो गई थी। राकेश ने अंजीत को थप्पड़ मार दिया था। इस पर अंजीत ने दोस्तों के साथ मिलकर राकेश का सिर कार के डैशबोर्ड पर मारा था। इससे उसके सिर व नाक से खून बहने लगा था। इसके बाद उसका गला दबाने का प्रयास किया। जब राकेश नहीं मरा तो उसे चालक सीट पर बैठाकर कार में आग लगा दी। इससे राकेश कार के अंदर ही जिंदा जल गया था। इसके बाद तीनों आरोपी फरार हो गए थे। वारदात की रात हुए घटनाक्रम के बारे में बीना को पूरी जानकारी थी।
राकेश की हत्या की साजिश में उसकी पत्नी बीना भी शामिल थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसे आरोपियों से राकेश के झगड़े से लेकर उसकी हत्या तक के बारे में जानकारी थी। उसके बाद भी उसने परिजनों व पुलिस को नहीं बताया। बीना, देवेंद्र और अंजीत को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। - इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, थाना प्रभारी, राई