हरियाणा के रोहतक रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अनिल राव ने रेंज पुलिस की ओर से फेस्टिवल सीजन के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंधों की रिपोर्ट तलब की है।
पुलिस कप्तानों को लिखे पत्र में आईजी ने कहा है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस फोर्स अलर्ट रहे।
जिला उपायुक्त से पत्र व्यवहार कर एसडीएम के साथ पटाखा फैक्टरी और गोदामाें की जांच करे। आईजी ने पुलिस अधिकारियों को दमकल और स्वास्थ्य विभाग के संपर्क में रहने को कहा है।
आईजी अनिल राव ने रोहतक, सोनीपत, पानीपत और झज्जर के पुलिस कप्तानों को त्योहारी सीजन पर सुरक्षा प्रबंधों के बारे में निर्देश जारी किए हैं। ज्वेलर्स शॉप को लेकर पुलिस को सतर्कता बरतने को कहा गया है।
आईजी ने कहा है कि पुलिसकर्मियों को सिर्फ इमरजेंसी मामलों में ही छुट्टी पर भेजा जाए। सभी थानों में पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई जाए और निर्धारित स्थानों के अलावा भी नाकेबंदी की जाए।
शहर की सीमाओं में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों की गहनता से जांच पड़ताल की जाए। रेंज के पुलिस प्रवक्ता अजीत सिंह ने बताया कि सभी पुलिस कप्तानों से सुरक्षा प्रबंधों पर रिपोर्ट मांगी गई है और एक सप्ताह के अंदर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की जाएगी।