सैलजा और सुरजेवाला कह चुके हैं विस चुनाव लड़ने की बात
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष अजय माकन के सामने सैलजा और सुरजेवाला दोनों ही विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कह चुके हैं। वहीं, कांग्रेस का एक खेमा सांसदों को विधानसभा चुनाव से दूर रखने की रणनीति पर काम कर रहा है।
बिना अनुमति सांसद नही लड़ सकते चुनाव
बुधवार को हरियाणा प्रभारी बावरिया ने इसको लेकर साफ कर दिया कि बिना अनुमति के सांसद विधानसभा चुनाव में नहीं उतर सकते। बावरिया के इस बयान के बाद से हरियाणा कांग्रेस की सियासत गरमा गई है। बता दें कि हरियाणा में कांग्रेस के पांच सांसद हैं। इनमें से सैलजा को छोड़कर जेपी, वरूण चौधरी, सतपाल ब्रह्मचारी और दीपेंद्र हुड्डा पूर्व सीएम हड्डा खेमे से हैं।
जाट-दलित वोट बैंक को साधने की कोशिश
कांग्रेस की परंपरा रही कि वह विधानसभा चुनावों से पहले सीएम चेहरा घोषित नहीं करती। हरियाणा में इसके पीछे कारण ये है कि कांग्रेस की मंशा है कि हुड्डा और सुरजेवाला खेमे के दम पर जाट लैंड और जाट समाज के वोट वैंक को हासिल किया जाए, वहीं सैलजा के दम पर दलित वोट बैंक को साधा जाए। इसलिए हुड्डा, सैलजा और सुरजेवाला द्वारा अलग अलग क्षेत्रों में अलग अलग रैलियां करने पर भी हाईकमान ने न तो कोई हिदायत दी और न ही किसी नेता को चेतावनी दी। तीनों ही नेता सीएम पद के लिए दावेदारी ठोक रहे हैं।
बावरिया पर एक पक्ष ही सुनने के लग चुके आरोप
हरियाणा प्रभारी बावरिया पर कुमारी सैलजा की ओर से पहले भी एक पक्ष सुनने के आरोप लगाए जा चुके हैं। संगठन की सूची जारी करने को लेकर भी सुरेजवाला और सैलजा ने आपत्ति जताई थी। हालांकि, आज तक भी यह सूची जारी नहीं हो सकी है। सैलजा का कहना है कि मेरी भी महत्वाकांक्षा है। मैं राज्य में काम करना चाहती हूं, विधानसभा चुनाव लड़ना चाहती हूं। लेकिन इस बारे अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा।