चरखी दादरी। ढाणी फाटक के समीप गांधी नगर निवासी युवक संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में युवक की मौत हो गई और रेलवे पुलिस ने बुधवार सुबह सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार रेलवे पुलिस को मंगलवार रात सूचना मिली थी कि ढाणी फाटक के समीप ट्रेन के नीचे आने से एक युवक की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और देर रात मृतक की शनाख्त गांधी नगर निवासी गौरव (19) के रूप में हुई। मृतक के पिता किशन गोयल ने पुलिस बयान में बताया कि उसके दो बेटे थे, जिनमें गौरव बड़ा था। उसे करीब चार माह पहले बिजली का करंट लगा था और उसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान रहता था। मंगलवार रात को वह खाना खाने के बाद घूमने के लिए निकला था देर रात उन्हें सूचना मिली कि गौरव की ट्रेन के नीचे आने से मौत हो गई है।
बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है।
सुशील कुमार, एसआई, रेलवे पुलिस