तिकोना पार्क क्षेत्र चरखी दादरी में सीवर लाइन बिछाने के लिए रखे पाइप।
चरखी दादरी। शहर के तिकोना पार्क से एसटीपी तक करीब 2,100 मीटर लंबी मुख्य सीवर लाइन डालने का काम जनस्वास्थ्य विभाग ने शुरू कर दिया है। तिकोना पार्क पर विभाग एक भंडारण टैंक भी बनवाया जाएगा। अप्रैल तक परियोजना पर काम पूरा होने से 45 फीसदी शहर की सीवर व्यवस्था में सुधार होगा। समसपुर स्थित मुख्य सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक दूषित पानी आसानी से पहुंच सकेगा।
जनवरी 2022 में यह दो किलोमीटर लंबी सीवर लाइन धंस गई थी। शहर के 45 प्रतिशत क्षेत्र से सीवर का पानी तिकोना पार्क प्वाइंट पर पहुंचता है। सही प्रबंधन नहीं होने की वजह से तिकोना पार्क के समीप लाइन से पानी एसटीपी तक नहीं पहुंच पाता है। ऐसे में तिकोना पार्क पर आए दिन सीवर लाइन ब्लॉकेज बनी रही है। आसपास के क्षेत्र में सीवर का पानी भर जाता है। दुकानदारों व आम लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
जनस्वास्थ्य विभाग ने जनवरी 2022 में इसके लिए प्रपोजल भेजा था। अब जाकर विभाग ने 2,100 मीटर पाइप लाइन बिछाने का काम शुरू किया है। इस पाइप लाइन के जरिये पानी को एसटीपी तक पहुंचाया जाएगा। पंप सिस्टम से पानी का उठान किया जाएगा। विभाग अधिकारियों का कहना है सीवर एवं बारिश के पानी की निकासी के लिए विभाग अब गंभीरता से काम कर रहा है ताकि आने वाले मानसून सीजन में शहर में पानी न ठहरने पाए।
तिकोना पार्क प्वाइंट पर आकर मिलती है कई लाइनें
तिकोना पार्क प्वाइंट पर कई लाइनें आकर मिलती हैं। यही से फिर एसटीपी तक पानी पहुंचाया जाता है। समय-समय पर यहां मेन प्वाइंट ही ब्लॉकेज होने पर दिक्कत बन जाती है। इस क्षेत्र में बने सीवर नाले भी बारिश के मौसम में जवाब देते हैं, जिससे आसपास के एरिया में पानी भर जाता है।
अप्रैल अंत तक लाइन बिछाने का काम पूरा कर दिया जाएगा। यह लाइन अब 10 के बजाय 20 इंच चौड़ी होगी। इससे पानी निकासी मेंं रुकावट नहीं आएगी। यह लाइन कंडम हो गई थी। अब स्थायी समाधान हो जाएगा। - बीके जावला, कनिष्ठ अभियंता, जनस्वास्थ्य विभाग