स्वीप टीम की अगुवाई में पालड़ी गांव में मतदाता जागरुकता रैली निकालते ग्रामीण।
चरखी दादरी। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर स्वीप टीम ने सोमवार को जिले के पांच गांवों में मतदाता जागरुकता अभियान चलाया। टीम सोमवार को चांगरोड, बालरोड, दूधवा, नौसवा पालड़ी पहुंची और ग्रामीणों को 25 मई को अधिक से अधिक मतदान करने के लिए प्रेरित किया। टीम सदस्य मास्टर सुंदरपाल फौगाट, रविंद्र जाखड़ व हरपाल आर्य ने बताया कि स्वीप नोडल अधिकारी एवं एडीसी डॉ. जयेंद्र छिल्लर के मार्गदर्शन में ये मुहिम चलाई जा रही है। टीम ने सोमवार को सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर ग्रामीणों को वोट की ताकत के फायदे बताएं। सुंदरपाल फौगाट ने कहा कि एक-एक वोट मतदान के प्रतिशत को बढ़ाने के लिए आवश्यक है। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग से मतदाता जागरुकता रैली भी निकाली गई।
विद्यार्थियों ने मानव शृंखला बनाकर दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
चरखी दादरी। शहर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में मतदाता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने अंग्रेजी के स्वीप अक्षरों की आकृति में मानव शृंखला बनाकर मतदान करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी ज्ञानेंद्र ने 26 अप्रैल तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने व कम मतदान वाले क्षेत्र में प्रतिशत बढ़ाने की अपील की।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी नवीन नारा ने कहा कि एक- एक वोट का देश के नव निर्माण में अहम योगदान होता है। टीम सदस्य जिला सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. सतीश साहू ने वोटर हेल्पलाइन एप की जानकारी दी। इस अवसर पर विद्यालय प्राचार्य सुरेश यादव, उप प्राचार्य विनोद कुमार, प्रवक्ता मालिक राम, डॉ. करण सिंह, अर्चना, कैलाश, राकेश, संदीप फौगाट, रिंपी जैन, मंजू, मेहर सिंह व विद्यार्थी उपस्थित रहे।