चरखी दादरी। माइनिंग व क्रशर जोन से माल भरकर निकलने वाले प्रत्येक वाहन का ई-रवाना जरूर जांच किया जाए। यदि कोई भी ट्रक या माइनिंग कंपनी जीएसटी की चोरी करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। माइनिंग विभाग के संयुक्त निदेशक आशुतोष राजन ने वीरवार को दादरी खनन कार्यालय में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक को संबोधित करते हुए ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकारी खजाने में सेंधमारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी अपनी ड्यूटी के प्रति उदासीन पाया जाता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने खनन विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुुए कहा कि खनन क्षेत्र में प्रतिदिन चेकिंग की जाए। इसके साथ ही अवैध सामग्री ले जाने वाली गाड़ियों को जब्त किया जाए।
संयुक्त निदेशक ने दादरी क्षेत्र की माइनिंग कंपनियों व क्रेशरों के उत्पादन व स्टॉक के रिकार्ड की भी समीक्षा की। माइनिंग व क्रशरों के उत्पादन में समानता न मिलने पर उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रशर जोन में ई-रवाना के रिकॉर्ड की जांच की जाए और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त निदेशक ने कहा कि ई-रवाना से अधिक माल ले जाने वाली गाड़ियों को जब्त किया जाए। उन्होंने खनन अधिकारी को वन क्षेत्र में खनन करने संबंधित चालान काटने के भी निर्देश दिए। बैठक में माइनिंग अधिकारी निरंजन लाल, क्रशर जोन के प्रधान सुरमवीर घसौला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व माइनिंग कंपनियों के संचालक उपस्थित थे।
खनन कंपनियों के संचालकों की सुनीं समस्याएं
संयुक्त निदेशक नेे दादरी खनन कार्यालय में खनन कंपनियों के संचालकों की भी बैठक लेकर उनकी समस्याएं भी सुनीं। माइनिंग संचालकों ने कहा कि माइनिंग जोन में पत्थर लोडिंग की क्षमता बढ़ाई जाए। जिस पर संयुक्त निदेशक ने मुख्यालय पर चर्चा कर कोई समाधान निकालने का आश्वासन दिया।